सिंधु और तन्वी ने बढ़ाया भारत का मान, ऑस्ट्रेलियन ओपन में अगले दौर में एंट्री

ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु और युवा खिलाड़ी तन्वी शर्मा ने शानदार जीत दर्ज करते हुए महिला एकल के दूसरे दौर में जगह बना ली है।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने पहले दौर में पेरू की इनेस कास्टिलो को सीधे गेमों में 21-13, 21-11 से हराया। सिंधु ने यह मुकाबला सिर्फ 32 मिनट में अपने नाम कर लिया। अब दूसरे दौर में उनका सामना भारतीय खिलाड़ी इशारानी बरुआ से होगा, जिन्होंने चीन की हान कियानशी को कड़े मुकाबले में हराया।
वहीं, 19 वर्षीय तन्वी शर्मा ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चीनी ताइपे की विश्व नंबर 11 चिउ पिन-चियान को 21-12, 22-20 से मात दी। तन्वी के लिए यह जीत काफी खास रही, क्योंकि इस सीजन में उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है।
विश्व रैंकिंग में 36वें स्थान पर मौजूद तन्वी ने पिछले साल शानदार प्रदर्शन कर बड़ी पहचान बनाई थी। अब दूसरे दौर में उनका मुकाबला भारत की मालविका बंसोड़ से होगा। मालविका ने पहले दौर में थाईलैंड की टोनरुग साहेंग को 15-21, 21-7, 21-13 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
हालांकि पुरुष एकल में भारत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। किरण जॉर्ज, सनीथ दयानंद और थारुन मन्नेपल्ली अपने-अपने पहले मुकाबले हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। इसके साथ ही पुरुष एकल वर्ग में भारत की चुनौती समाप्त हो गई।





