आशा भोसले के निधन की अफवाह पर वायरल हुई फेक तस्वीर, फैक्ट चेक में निकला सच

सोशल मीडिया पर दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन को लेकर कई भ्रामक दावे वायरल हो रहे हैं। इसी बीच एक तस्वीर भी तेजी से शेयर की जा रही है, जिसमें अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, सनी देओल और टाइगर श्रॉफ को कथित तौर पर आशा भोसले को श्रद्धांजलि देते हुए दिखाया गया है।
वायरल पोस्ट में दावा किया गया कि यह तस्वीर आशा भोसले की श्रद्धांजलि सभा की है और कई बड़े सितारे उन्हें अंतिम सम्मान देने पहुंचे थे। साथ ही पोस्ट में यह भी गलत दावा किया गया कि आशा भोसले का 12 अप्रैल 2026 को निधन हो गया।

हालांकि, फैक्ट चेक में यह दावा पूरी तरह फर्जी निकला। NewsMobile की जांच में सामने आया कि वायरल फोटो असली नहीं है। तस्वीर को AI डिटेक्शन टूल्स से जांचा गया, जिसमें इसके AI से जनरेटेड होने की संभावना बहुत ज्यादा पाई गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, Hive Moderation ने तस्वीर के 99 प्रतिशत से ज्यादा AI-generated होने की संभावना बताई। वहीं, दूसरे टूल WasItAI ने भी इस फोटो के कृत्रिम रूप से बनाए जाने की आशंका जताई।

जांच में ऐसी कोई विश्वसनीय रिपोर्ट या असली तस्वीर भी नहीं मिली, जिसमें ये सभी सितारे एक साथ किसी श्रद्धांजलि सभा में मौजूद हों।
ऐसे में साफ है कि सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही यह पोस्ट और तस्वीर फर्जी है। आशा भोसले के निधन और सितारों द्वारा श्रद्धांजलि देने का दावा गलत और भ्रामक है।





