Google का बड़ा दांव, Anthropic में 40 अरब डॉलर तक निवेश का ऐलान

टेक दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की रेस तेज होती जा रही है। इसी बीच Google ने AI कंपनी Anthropic में बड़ा निवेश करने का ऐलान किया है। दोनों कंपनियों के मुताबिक, यह निवेश कुल 40 अरब डॉलर (लगभग ₹3.3 लाख करोड़) तक हो सकता है।
इस डील के तहत Google पहले 10 अरब डॉलर का निवेश करेगा, जबकि बाकी 30 अरब डॉलर कंपनी के प्रदर्शन के आधार पर दिए जाएंगे। इस साझेदारी के बाद Anthropic, Google के क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और खास Tensor Processing Units (TPUs) का इस्तेमाल अपने AI सिस्टम को और मजबूत बनाने के लिए करेगा।
Google और Anthropic के बीच 2023 से साझेदारी है। इससे पहले भी Google करीब 3 अरब डॉलर निवेश कर चुका है और कंपनी में उसकी लगभग 14% हिस्सेदारी है।
इस बीच Amazon ने भी Anthropic में बड़ा निवेश किया है। Amazon ने हाल ही में 5 अरब डॉलर देने की घोषणा की है और आगे 20 अरब डॉलर तक निवेश करने की योजना बनाई है। इसके अलावा Anthropic ने अगले 10 सालों में Amazon Web Services पर 100 अरब डॉलर से ज्यादा खर्च करने का वादा किया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि AI सेक्टर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के चलते बड़ी टेक कंपनियां तेजी से निवेश कर रही हैं, ताकि इस क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत कर सकें।





