नई दिल्ली विधानसभा में सुरक्षा में बड़ी चूक, बैरिकेड तोड़कर अंदर घुसी कार

नई दिल्ली: सोमवार दोपहर दिल्ली विधानसभा में सुरक्षा में बड़ी लापरवाही सामने आई, जब एक कार बैरिकेड तोड़कर हाई सिक्योरिटी परिसर के अंदर घुस गई और फिर मौके से फरार हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश नंबर की यह कार करीब दोपहर 2 बजे गेट नंबर 2 से जबरन अंदर घुसी, जिससे सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कार चला रहा शख्स मास्क पहने हुए था।
कार सीधे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर बढ़ी। वहां उसने पोर्च के पास फूलों का गुलदस्ता रखा और कथित तौर पर स्पीकर की कार पर स्याही फेंककर फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। जांच के दौरान गुलदस्ते में कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामान नहीं मिला।
यह घटना ऐसे समय पर हुई है, जब हाल ही में बजट सत्र के दौरान विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस और अन्य एजेंसियां जांच में जुटी हैं। अलग-अलग एंट्री पॉइंट्स के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी की पहचान हो सके और गाड़ी का पता लगाया जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है और इस घटना के बाद विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा समीक्षा भी की जा रही है।





