NM Verified: खामेनेई के अंतिम संस्कार का बताकर वायरल हुआ वीडियो भ्रामक

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग रोते हुए और प्रार्थना करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका और इज़राइल द्वारा किए गए हमलों के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबरें सामने आई हैं।
सोशल मीडिया यूज़र्स इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि यह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार का दृश्य है।

NM Verified : न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में यह दावा भ्रामक पाया गया
सही जानकारी के लिए न्यूज़मोबाइल टीम ने वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स का रिवर्स इमेज सर्च किया। जांच के दौरान हमें 19 जनवरी 2026 की Tehran Times की एक रिपोर्ट मिली, जिसमें यही वीडियो इस्तेमाल किया गया था।
रिपोर्ट के अनुसार, यह वीडियो एक प्रमुख शिया धर्मगुरु आयतुल्ला सैयद हादी अल-सिस्तानी के अंतिम संस्कार का है। वे ग्रैंड आयतुल्ला अली अल-सिस्तानी के भाई थे। रिपोर्ट में बताया गया कि आयतुल्ला सैयद हादी अल-सिस्तानी को इराक के करबला में सुपुर्द-ए-खाक किया गया था।
वीडियो घटना से पहले का
अली खामेनेई की कथित हत्या 28 फरवरी को हुई बताई जा रही है, जबकि वायरल वीडियो जनवरी का है। ऐसे में साफ है कि यह वीडियो खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़ा नहीं है।
पुष्टि के लिए हमें यही वीडियो 20 जनवरी 2026 को फेसबुक पर भी मिला, जिसमें वही विवरण दिया गया था कि यह आयतुल्ला सैयद हादी अल-सिस्तानी के अंतिम संस्कार का वीडियो है।
Ayatollah Sayyed Hadi Al-Sistani, a prominent Shia cleric and brother of the renowned Marja’ Grand Ayatollah Sayyed Ali Al-Sistani was laid to rest in Karbala. pic.twitter.com/1KhH6WxBX6
— Tehran Times (@TehranTimes79) January 19, 2026
खामेनेई के अंतिम संस्कार को लेकर क्या रिपोर्ट
इस मामले में BBC की 5 मार्च की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी अधिकारियों ने अली खामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह को फिलहाल स्थगित कर दिया है, क्योंकि देश में अमेरिका और इज़राइल के हमले जारी हैं।
वायरल वीडियो अली खामेनेई के अंतिम संस्कार का नहीं है। यह वीडियो वास्तव में आयतुल्ला सैयद हादी अल-सिस्तानी के अंतिम संस्कार का है, जिसे गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।





