भारत-पाक मुकाबले पर ICC की नजर, PCB से कन्फर्मेशन का इंतजार

पाकिस्तान ने रविवार को कन्फर्म किया कि वह ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ अपना ग्रुप-स्टेज मैच नहीं खेलेगा. इस फैसले से अगले महीने शुरू होने वाले इस ग्लोबल टूर्नामेंट में एक बड़ा राजनीतिक पहलू जुड़ गया है.
पाकिस्तान सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद, 15 फरवरी को होने वाला यह हाई-प्रोफाइल मुकाबला पाकिस्तान के मैदान में उतरे बिना ही होगा. X पर पोस्ट किए गए एक बयान में, सरकार ने कहा कि उसने नेशनल टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की मंज़ूरी दे दी है, लेकिन यह साफ कर दिया कि भारत के खिलाफ मैच को इस मंज़ूरी से बाहर रखा गया है.
सरकार ने कहा, “पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी,” हालांकि उसने इस फैसले के पीछे की वजहों के बारे में विस्तार से नहीं बताया.

ICC बोला- पाकिस्तान अपने फैसले पर विचार करे ICC ने देर रात 11 बजे मीडिया रिलीज में कहा, हम पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के ऑफिशियल कन्फर्मेशन का इंतजार कर रहे हैं. ICC सरकार के फैसलों का समर्थन करता है, लेकिन पाकिस्तान का फैसला दुनियाभर में क्रिकेट के इकोसिस्टम को प्रभावित करने वाला है.
ICC उम्मीद कर रहा है कि PCB अपने फैसले पर फिर से विचार करेगा ताकि दुनियाभर में क्रिकेट का सिस्टम प्रभावित न हो. पाकिस्तान खुद ICC का सदस्य है. हम चाह रहे हैं कि पाकिस्तान किसी तरह सभी स्टेकहोल्डर्स को ध्यान में रखते हुए आखिरी फैसला ले.
प्रधानमंत्री से मिले थे PCB चीफ
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी ने सोमवार, 26 जनवरी को प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से मुलाकात की थी. इस मीटिंग में पाकिस्तान के वर्ल्ड कप पार्टिसिपेशन और भारत के खिलाफ मुकाबले को लेकर बाते हुईं. नकवी ने कहा था कि शुक्रवार या सोमवार तक आखिरी फैसला लिया जाएगा. अब रविवार को सरकार ने इस पर फैसला ले लिया.





