बहिष्कार की धमकी के बाद पाकिस्तान का यू-टर्न, टी20 विश्व कप टीम का एलान

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने रविवार को टी20 विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम का एलान कर दिया है। इससे पहले पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने कहा था कि टूर्नामेंट में पाकिस्तान की भागीदारी का अंतिम फैसला प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से चर्चा के बाद लिया जाएगा। पाकिस्तान ने विश्व कप के बहिष्कार तक की चेतावनी दी थी, लेकिन अब टीम की घोषणा से साफ हो गया है कि वह इस वैश्विक टूर्नामेंट में हिस्सा लेगा। पाकिस्तान की टीम की कमान सलमान अली आगा के हाथों में होगी।
बांग्लादेश मुद्दे पर आईसीसी से नाराज था पाकिस्तान
टी20 विश्व कप से बांग्लादेश को बाहर किए जाने और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने के आईसीसी के फैसले पर पाकिस्तान ने कड़ी आपत्ति जताई थी। पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने इस फैसले को पक्षपातपूर्ण बताते हुए आईसीसी की आलोचना की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि पाकिस्तान के खेलने का निर्णय प्रधानमंत्री से विचार-विमर्श के बाद लिया जाएगा। हालांकि, इसके अगले ही दिन टीम की घोषणा कर दी गई, जिससे पाकिस्तान की भागीदारी लगभग तय मानी जा रही है।
पाकिस्तान के लिए क्यों अहम है यह विश्व कप
सात फरवरी से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट का पाकिस्तान के लिए खास महत्व है। टीम अब तक सिर्फ एक बार, साल 2009 में, टी20 विश्व कप का खिताब जीत सकी है। इसके बाद से पाकिस्तान दोबारा ट्रॉफी अपने नाम नहीं कर पाया है। 2024 के टी20 विश्व कप में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था, ऐसे में इस बार पाकिस्तान की नजरें मजबूत वापसी पर होंगी।
हारिस रऊफ बाहर, बाबर आजम की वापसी से मजबूती
टीम में बाबर आजम की मौजूदगी से बल्लेबाजी को अनुभव और स्थिरता मिलेगी। वहीं, तेज गेंदबाज हारिस रऊफ को टीम में जगह नहीं मिली है, जिससे तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी शाहीन शाह अफरीदी और नसीम शाह पर होगी। ऑलराउंड विभाग में फहीम अशरफ, शादाब खान और मोहम्मद नवाज जैसे खिलाड़ी टीम को संतुलन प्रदान करेंगे।
ग्रुप ए में भारत से होगी टक्कर
पाकिस्तान को ग्रुप ए में रखा गया है, जहां उसके साथ गत चैंपियन भारत, नीदरलैंड, अमेरिका और नामीबिया शामिल हैं। पाकिस्तान सात फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। टूर्नामेंट में पाकिस्तान अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलेगा।
टी20 विश्व कप के लिए पाकिस्तान टीम
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमां, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, शाहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान और उस्मान तारिक।





