टोल प्लाजा की लंबी कतारों को अलविदा: गडकरी ने किया क्रांतिकारी बदलाव का ऐलान
नई दिल्ली: सड़क परिवहन मंत्री नीतिन गडकरी ने देश के टोल सिस्टम में बड़े बदलाव की घोषणा की है, जिससे अब हाईवे पर टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारें इतिहास बन जाएंगी.
नेशनल हाईवे से हटेंगे टोल नाके
लोकसभा में एक सवाल के जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी ने बताया कि जल्द ही देश के सभी नेशनल हाईवे से टोल नाके हटा दिए जाएंगे. सरकार एक सीमलेस ट्रैफिक प्लान पर काम कर रही है, जिसके तहत वाहन चालकों को टोल देने के लिए अपनी गाड़ी रोकने की जरूरत नहीं होगी.
80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरेंगे वाहन
गडकरी ने समझाया कि नई तकनीक के जरिए गाड़ियां 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से टोल पॉइंट से बिना रुके निकल सकेंगी. वहां कोई बैरियर या नाका नहीं होगा. जैसे ही वाहन टोल पॉइंट से गुजरेगा, हाई-टेक कैमरे ANPR तकनीक से नंबर प्लेट और फास्टैग की फोटो ले लेंगे, और टोल की राशि सीधे लिंक किए गए बैंक अकाउंट से कट जाएगी.
‘जितना चलोगे, उतना दोगे’ का फॉर्मूला
नई नीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव यह किया गया है कि अब वाहन चालकों को केवल उतनी ही दूरी का भुगतान करना होगा, जितनी उन्होंने वास्तव में तय की है. गडकरी ने उदाहरण देते हुए बताया कि अगर किसी सड़क का टोल 60 किलोमीटर के लिए तय है और कोई व्यक्ति केवल 15 किलोमीटर ही चलता है, तो उसे सिर्फ 15 किलोमीटर का ही भुगतान करना होगा. वाहन की एंट्री और एग्जिट दूरी रिकॉर्ड की जाएगी और उसी के आधार पर पैसे काटे जाएंगे.
₹3000 में 205 बार टोल पार करने की सुविधा
केंद्रीय मंत्री ने आम जनता को राहत देते हुए एक नए सालाना पास की जानकारी दी. अब मात्र ₹3000 में 205 बार टोल पार करने की सुविधा उपलब्ध होगी. पहले इतने ही सफर के लिए करीब ₹15,000 खर्च करने पड़ते थे. अब एक बार टोल पार करने का खर्च घटकर मात्र ₹15 रह गया है. गडकरी ने बताया कि अब तक लगभग 40 लाख लोग इस पास को ले चुके हैं.
यह कदम न केवल यात्रियों के समय की बचत करेगा बल्कि ईंधन की खपत में भी कमी आएगी और प्रदूषण भी कम होगा.





