भारत-ओमान संबंधों के 70 साल: पीएम मोदी ने बताया भरोसे की साझेदारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ओमान के मस्कट में आयोजित भारत-ओमान व्यापार मंच में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पिछले 11 वर्षों में भारत में हुए बड़े आर्थिक सुधारों पर प्रकाश डाला। पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने सिर्फ नीतियों में बदलाव नहीं किया, बल्कि अपने पूरे आर्थिक ढांचे को मजबूत और आधुनिक बनाया है, जिसकी वजह से आज भारत दुनिया के सबसे प्रतिस्पर्धी बाजारों में गिना जाता है।
प्रधानमंत्री ने भारत-ओमान व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) को बेहद अहम बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता दोनों देशों की साझेदारी को नया आत्मविश्वास और ऊर्जा देगा। इससे व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और निवेश के नए अवसर खुलेंगे। पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में यह समझौता भारत और ओमान के रिश्तों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने अपने आर्थिक डीएनए को बदला है। उन्होंने जीएसटी का जिक्र करते हुए कहा कि इससे देश में वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता बढ़ी है। जीएसटी ने पूरे भारत को एक एकीकृत बाजार में बदल दिया है। वहीं दिवालियापन संहिता जैसे सुधारों से निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
प्रधानमंत्री ने भारत और ओमान के ऐतिहासिक संबंधों की चर्चा करते हुए कहा कि मंडावी और मस्कट के बीच फैला अरब सागर दोनों देशों के रिश्तों को जोड़ता है। इसने हमारी संस्कृति और अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है। उन्होंने कहा कि सीईपीए 21वीं सदी में भारत-ओमान साझेदारी को नई दिशा और गति देगा।
भारत और ओमान के कूटनीतिक संबंधों के 70 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों का रिश्ता विश्वास की नींव पर टिका है और समय के साथ और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा, “समंदर की लहरें बदलती हैं, मौसम बदलते हैं, लेकिन भारत-ओमान की दोस्ती हर मौसम में मजबूत रहती है।”
ओमान में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें यहां ‘मिनी इंडिया’ की झलक दिखाई दे रही है, जहां मलयालम, तमिल, तेलुगू, मराठी और गुजराती बोलने वाले लोग रहते हैं। उन्होंने कहा कि सात साल बाद ओमान आकर भारतीय समुदाय से मिलना उनके लिए खास अनुभव है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने श्रम कानूनों को सरल बनाया है और वैश्विक अनिश्चितता के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है। उन्होंने दोनों देशों के बीच हर क्षेत्र में सहयोग और इनोवेशन बढ़ाने पर जोर दिया।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय ओमान के मस्कट में हैं, जो उनके तीन देशों के दौरे का अंतिम चरण है। इससे पहले वह जॉर्डन और इथियोपिया का दौरा कर चुके हैं।





