विदेश

ट्रंप ने अगले साल भारत यात्रा के दिए संकेत, पीएम मोदी को बताया “एक अच्छा दोस्त”

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की और उन्हें “एक महान व्यक्ति” बताया. ट्रंप ने व्यापार सहयोग को गहरा करने और ऊर्जा संबंधों को फिर से मज़बूत करने के अपने प्रशासन के प्रयासों के तहत अगले साल भारत की संभावित यात्रा का भी संकेत दिया.

वजन घटाने वाली लोकप्रिय दवाओं की कीमतें कम करने की एक नई पहल की घोषणा के बाद व्हाइट हाउस में एक प्रेस वार्ता में बोलते हुए, ट्रंप ने कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री के साथ उनके संबंध सकारात्मक रूप से आगे बढ़ रहे हैं.

डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, ”सब कुछ बहुत अच्छा चल रहा है. भारत ने रूस से तेल खरीदना लगभग बंद कर दिया है. वे (प्रधानमंत्री मोदी) मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं और हमारे बीच अक्सर बातचीत होती है. मैं जल्द ही वहां जाऊंगा. प्रधानमंत्री मोदी बहुत ही महान नेता हैं.” ट्रंप इससे पहले भारत के प्रति काफी सख्त नजर आए थे, लेकिन अब उनका रवैया नरम पड़ गया है.

भारत-अमेरिका के बीच कब होगी ट्रेड डील

व्हाइट हाउस ने भारत के साथ ट्रेड डील पर कहा कि दोनों देशों के बीच अच्छी बातचीत चल रही है. अमेरिका और भारत के बीच जल्द ही ट्रेड डील पर बात बन सकती है. अहम बात यह भी है कि ट्रंप की ओर से स्पष्ट किया गया है कि वे भारत दौरे पर आएंगे.

 

ट्रंप से पहले व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने भी पीएम मोदी को लेकर बयान दिया था. उन्होंने बुधवार (5 नवंबर) को कहा था कि ट्रंप भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर बहुत सकारात्मक हैं और उन्हें दोनों देशों के बीच के रिश्तों पर गहरा विश्वास है. उन्होंने बताया कि ट्रंप और पीएम मोदी कई मुद्दों पर सीधी बातचीत करते हैं.

बता दें कि ट्रंप का भारत के साथ-साथ चीन के प्रति भी नजरिया बदला है. ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की बीते महीने मुलाकात हुई थी. इस मीटिंग के बाद चीन और अमेरिका के बीच ट्रेड शुरू हो गया है और टैरिफ का मसला भी कुछ हद तक हल हुआ है.

If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button