भारत

RJD से निष्कासन के बाद तेज प्रताप की राजनीतिक वापसी, नई पार्टी का ऐलान

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से निष्कासन के बाद तेज प्रताप यादव ने अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत कर दी है। उन्होंने ‘जनशक्ति जनता दल’ नाम से एक नई पार्टी का ऐलान किया है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए पोस्टर में पार्टी का नाम, चुनाव चिह्न और विचारधारा सार्वजनिक की गई है।

इस नई पार्टी का चुनाव चिह्न ‘ब्लैक बोर्ड’ रखा गया है। पोस्टर में तेज प्रताप यादव की तस्वीर के साथ लिखा गया है – “सामाजिक न्याय, सामाजिक हक और संपूर्ण बदलाव।” इसके अलावा नारा दिया गया है – “जन-जन की शक्ति, जन-जन का राज, बिहार का विकास करेंगे तेज प्रताप।”

तेज प्रताप ने पार्टी से जुड़ने के लिए एक संपर्क नंबर भी साझा किया है और कहा है कि उनकी पार्टी बिहार के संपूर्ण विकास के लिए पूर्णतः समर्पित है। उन्होंने यह भी कहा कि वे नई व्यवस्था के निर्माण के लिए लंबी राजनीतिक लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।

तेज प्रताप यादव, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे हैं। उन्होंने राजनीति की शुरुआत राष्ट्रीय जनता दल से की थी और महागठबंधन सरकार में स्वास्थ्य मंत्री भी रहे। हाल ही में एक विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट के चलते उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। बाद में उन्होंने दावा किया कि उनका अकाउंट हैक हुआ था और पोस्ट डिलीट कर दी गई थी।

तेज प्रताप की राजनीतिक यात्रा में कई उतार-चढ़ाव आए हैं और वे कई बार अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव से मतभेदों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं।

पांच दलों के साथ बनाया गठबंधन

नई पार्टी की घोषणा से पहले, अगस्त में तेज प्रताप यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए पांच क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन का ऐलान किया था। इन दलों में शामिल हैं:

  1. विकास वंचित इंसान पार्टी (VVIP)

  2. भोजपुरिया जन मोर्चा (BJM)

  3. प्रगतिशील जनता पार्टी (PJP)

  4. वाजिब अधिकार पार्टी (WAP)

  5. संयुक्त किसान विकास पार्टी

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेज प्रताप ने कहा था कि यह गठबंधन सामाजिक न्याय, अधिकार और बिहार के समग्र विकास के लिए काम करेगा। उन्होंने कहा था – “मैं अपनी राह खुद तय करूंगा। हमारा गठबंधन मिलकर बिहार के बदलाव के लिए आगे बढ़ेगा।”

तेज प्रताप ने यह भी घोषणा की है कि वे आगामी चुनाव में महुआ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। 2015 में वे इसी सीट से विधायक बने थे, हालांकि 2020 में उन्हें RJD ने हसनपुर सीट से उम्मीदवार बनाया था।

तेज प्रताप ने कहा कि यदि जनता उन्हें समर्थन देती है, तो वे बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य राम मनोहर लोहिया, कर्पूरी ठाकुर और जयप्रकाश नारायण के सपनों को साकार करना है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button