भारतराजनीति

पटना में आज राहुल गांधी करेंगे वोटर अधिकार यात्रा का समापन

बिहार की राजधानी पटना आज विपक्षी गठबंधन इंडिया की ताकत का गवाह बनेगा। कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित वोटर अधिकार यात्रा के अंतिम चरण में राहुल गांधी पटना पहुंचेंगे और बड़ी रैली के जरिए इस यात्रा का समापन करेंगे। राहुल गांधी ने 17 अगस्त से बिहार में वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत की थी, जिसका मकसद मतदाता अधिकारों को लेकर जागरूकता फैलाना और महागठबंधन को मजबूत करना था। अब इस यात्रा के आखिरी दिन पटना में विपक्षी दलों की एकजुटता दिखेगी। इसके लिए देशभर से कई बड़े नेता शामिल हो रहे हैं।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, शिवसेना नेता संजय राउत और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सुप्रिया सुले समेत कई बड़े नेता पटना पहुंच रहे हैं। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव यात्रा की शुरुआत से ही राहुल गांधी के साथ कदमताल कर रहे हैं और आज भी उनके साथ रहेंगे। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को भी कार्यक्रम में बुलाया गया है।

राहुल गांधी सोमवार सुबह 10 बजे विशेष विमान से दिल्ली से पटना पहुंचेंगे। कांग्रेस ने इस कार्यक्रम को बड़े पैमाने पर सफल बनाने के लिए खास तैयारी की है। पटना समेत विभिन्न जिलों से कार्यकर्ताओं को जुटाया गया है। पार्टी के टिकट के दावेदारों को भी बड़ी संख्या में लोगों के साथ रैली में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली से करीब 100 पत्रकार भी कार्यक्रम की कवरेज के लिए पटना आ रहे हैं ताकि इसे राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित किया जा सके।

इस यात्रा के आखिरी दिन कांग्रेस ने इसका सूत्रवाक्य बदलते हुए ‘गांधी से अंबेडकर’ कर दिया है। आज का कार्यक्रम भी इसी थीम पर आधारित होगा। सुबह 10:50 बजे राहुल गांधी और विपक्षी नेता गांधी मैदान में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे। इसके बाद 11:15 बजे यात्रा की शुरुआत होगी।

यात्रा गांधी मैदान से शुरू होकर जय प्रकाश नारायण गोलंबर, एसपी वर्मा रोड, डाकबंगला चौराहा, कोतवाली थाना, और बेली रोड से होते हुए अंबेडकर पार्क पहुंचेगी। 12:30 बजे अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण होगा और फिर 12:40 बजे से ढाई बजे तक अंबेडकर पार्क में विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button