रूसी तेल खरीदने को लेकर भारत पर 50% टैरिफ का नोटिस जारी, डेडलाइन खत्म

रूस से तेल खरीदने को लेकर अमेरिका ने आज भारत से आयात पर 25% अतिरिक्त टैरिफ की औपचारिक घोषणा कर दी है. अमेरिका के इस ऐलान के बाद भारत पर कुल टैरिफ 50% हो जाएगा. बता दें कि यह नया शुल्क 27 अगस्त 2025 को सुबह 12:01 बजे (अमेरिकी समय) से लागू होगा.
अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने बताया कि यह कदम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 6 अगस्त के कार्यकारी आदेश 14329 को लागू करता है. ट्रंप ने इस महीने की शुरुआत में भारत के रूस से तेल खरीदने के कारण टैरिफ को 25% से बढ़ाकर 50% करने की योजना बनाई थी.
ट्रंप प्रशासन का कहना है कि भारत की ओर से रूस से तेल की लगातार खरीद नेशनल सिक्योरिटी के लिए चिंता की बात है. यूएस डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी ने कस्मम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन को जरिए टैरिफ को लेकर जानकारी साझा की है. ट्रंप इसके जरिए भारत पर दबाव बढ़ाना चाहते हैं. उन्होंने भारत पर पहले 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया था, लेकिन फिर इसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया.
भारत के विदेश मंत्रालय ने 50 प्रतिशत टैरिफ को गलत ठहराया था. उसने इसे अन्यायपूर्ण करार दिया. भारत ने कहा कि वह ऊर्जा आवश्यकताओं और राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखकर रूस से तेल खरीद रहा है. उसने यह भी कहा कि जहां से तेल सस्ता मिलेगा, वहीं से खरीदा जाएगा.





