भारत

पटना सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत, आरोपी फरार

पटनाः बिहार की राजधानी पटना से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई जिसमें शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में करीब आठ लोगों की मौत हो गई. हादसा ऑटो और ट्रक के बीच हुई टक्कर से हुआ. हादसा इतना भयावह था कि ऑटो में सवार कई यात्रियों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

मृतकों की पहचान नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के मलामा गांव के निवासियों के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, सभी लोग सोमवार सुबह ऑटो से गंगा स्नान करने फतुहा जा रहे थे. रास्ते में शाहजहांपुर के सिगरियावा हॉल्ट के पास हाईवा ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार आठ लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. मृतकों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं.

मृतकों में सात महिलाएं और ऑटो ड्राइवर शामिल है. मृतकों की पहचान 60 वर्षीय संजू देवी, 35 वर्षीय दीपिका पासवान, 48 वर्षीय कुसुम देवी, 35 वर्षीय कंचन पांडे और 30 वर्षीय ऑटो ड्राइवर चंदन कुमार के रूप में की गई. तीन अन्य मृतक उसी गांव के निवासी हैं, जिनकी पहचान की जा रही है.

चश्मदीद के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने घटनास्थल से ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही प्रमुख वजह सामने आई है.

If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button