अमेरिकी टैरिफ के बीच पीएम मोदी की आर्थिक सलाहकार परिषद की बैठक

अमेरिका द्वारा भारत के निर्यात पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी) की अहम बैठक बुलाई। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में देश की वर्तमान आर्थिक स्थिति और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित सात केंद्रीय मंत्री शाम करीब 6:30 बजे पीएम आवास, लोक कल्याण मार्ग पर पहुंचे। बैठक में कई वरिष्ठ आर्थिक विशेषज्ञों और अर्थशास्त्रियों ने भी हिस्सा लिया। हालांकि बैठक के नतीजों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
#WATCH | Delhi | PM Narendra Modi chairs a high-level meeting with top ministers, secretaries and economists to discuss the roadmap for Next Generation Reforms. pic.twitter.com/mEhzL6hVsN
— ANI (@ANI) August 18, 2025
इस बीच, चीनी विदेश मंत्री वांग यी भी सोमवार से दो दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। उनकी यात्रा विदेश मंत्री एस. जयशंकर की रूस यात्रा से कुछ दिन पहले हो रही है। माना जा रहा है कि अमेरिका के साथ व्यापारिक रिश्तों में बढ़ती अनिश्चितता के बीच भारत बीजिंग और मॉस्को के साथ संबंधों को नई दिशा देने की कोशिश कर रहा है।
ईएसी की यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के निर्यात पर लगाए गए 25% टैरिफ को 27 अगस्त से दोगुना कर 50% करने की चेतावनी दी है। इस टैरिफ का सबसे ज्यादा असर रत्न-आभूषण, वस्त्र और जूते जैसे उत्पादों पर पड़ सकता है। अनुमान है कि करीब 40 अरब डॉलर मूल्य का गैर-छूट वाला भारतीय निर्यात प्रभावित हो सकता है।





