जम्मू-कश्मीर के कठुआ में बादल फटा, 7 की मौत

कठुआ ज़िले के एक दूरदराज़ गांव में शनिवार देर रात भारी बारिश के बीच बादल फटने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 7 लोगों की मौत हो गई और 6 लोग घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक हादसा जोड़ घाटी, राजबाग इलाके में हुआ, जहां तेज बारिश के कारण गांव का संपर्क टूट गया और कई जगह ज़मीन व संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा। राहत और बचाव के लिए पुलिस और SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
#WATCH | Jammu and Kashmir: A cloud burst incident took place in Kauthua’s Janglote area. 4 casualties reported: Union Minister Dr Jitendra Singh
(Visuals from the area en route to Kauthua’s Janglote area) pic.twitter.com/bUJFq9qJK0
— ANI (@ANI) August 17, 2025
भारी बारिश से कठुआ थाना क्षेत्र के बगार्ड और चंगड़ा गांव में भूस्खलन हुआ, जबकि लखनपुर थाना क्षेत्र के दिलवान-हुतली इलाके में भी नुकसान की खबर है। प्रशासन ने बताया कि नुकसान का पूरा आंकलन अभी बाकी है।
इसी बीच, हिमाचल प्रदेश के मंडी ज़िले में भी कई जगह फ्लैश फ्लड की घटनाएं सामने आई हैं। मंडी–कुल्लू नेशनल हाईवे (चंडीगढ़–मनाली मार्ग) पर पनारसा, ताकोली और नगवाइन क्षेत्रों में सड़क पर पानी और मलबा आने से यातायात रुक गया। हालांकि, मंडी के एएसपी सचिन हीरेमठ ने बताया कि इन घटनाओं में किसी की मौत या चोट की खबर नहीं है।





