राष्ट्रीय सेविका समिति की पूर्व प्रमुख प्रमिला ताई मेढे का निधन, पीएम मोदी और RSS प्रमुख ने जताया शोक

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की महिला शाखा राष्ट्रीय सेविका समिति की पूर्व प्रमुख संचालिका प्रमिला ताई मेढे का गुरुवार सुबह नागपुर में निधन हो गया। वे 97 वर्ष की थीं और पिछले कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रही थीं। समिति की ओर से जारी बयान के अनुसार, उन्होंने सुबह 9:05 बजे नागपुर स्थित अपने निवास देवी अहिल्या मंदिर में अंतिम सांस ली। बताया गया कि बीते 15 दिनों से उनकी हालत बेहद गंभीर थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रमिला ताई के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि प्रमिला ताई का संपूर्ण जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा में समर्पित रहा। महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कार्यों में उनका योगदान सदैव प्रेरणास्पद रहेगा।
राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख संचालिका रहीं श्रद्धेय प्रमिला ताई मेढ़े जी के देहावसान से अत्यंत दुख हुआ है। उनका संपूर्ण जीवन समाज और राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा। महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में उनके अमूल्य योगदान को सदैव याद किया जाएगा। ईश्वर शोक की इस घड़ी में…
— Narendra Modi (@narendramodi) July 31, 2025
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत और समिति की वर्तमान संचालिका शांतक्का ने देवी अहिल्या मंदिर पहुंचकर प्रमिला ताई को श्रद्धांजलि अर्पित की। मोहन भागवत ने कहा, “उनके जाने से स्नेह का एक स्रोत चला गया। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में पूर्वोत्तर भारत में संगठन का कार्य किया। उनका जीवन हम सभी के लिए एक प्रेरणा है।” भागवत ने यह भी जानकारी दी कि प्रमिला ताई ने मृत्यु के बाद अपने शरीर को एम्स, नागपुर को दान करने की इच्छा जताई थी, जिसे शुक्रवार को पूरा किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रमिला ताई को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें देशभक्ति और महिला सशक्तिकरण की प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि प्रमिला ताई राष्ट्रीय सेविका समिति की चौथी संचालिका थीं और संगठन को देशभर में विस्तार देने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। गडकरी ने कहा कि उनका जीवन सेवा, अनुशासन और त्याग से भरा रहा। उनके निधन से सेविका समिति ने एक मातृवत मार्गदर्शक को खो दिया है।
प्रमिला ताई मेढे के योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा। उनका जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।





