विदेश

रूस में बड़ा विमान हादसा: अमूर के जंगलों में मिला जलता मलबा

रूस के सुदूर पूर्वी अमूर क्षेत्र में गुरुवार को एक यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से बड़ा हादसा हो गया। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हादसे में विमान में सवार सभी 50 लोगों की मौत हो गई है। सरकारी समाचार एजेंसी TASS के मुताबिक, खराब दृश्यता (कम विजिबिलिटी) और लैंडिंग के दौरान पायलट की गलती इस हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त विमान एंतोनोव An-24 था, जिसे अंगारा एयरलाइंस ऑपरेट कर रही थी।

विमान ब्लागोवेश्चेंस्क शहर से टिंडा जा रहा था। यह करीब 570 किलोमीटर की घरेलू उड़ान थी। टिंडा एयरपोर्ट के नज़दीक पहुंचने के कुछ ही किलोमीटर पहले विमान एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क खो बैठा और रडार से गायब हो गया। TASS के अनुसार, विमान एक निर्धारित कंट्रोल पॉइंट पर संपर्क करने में नाकाम रहा, जिसके कुछ ही देर बाद वह रडार से गायब हो गया। SHOT मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि विमान उस समय एयरपोर्ट के दृश्य क्षेत्र में था, यानी रनवे से बहुत दूर नहीं था।

घटनास्थल की तलाश में जुटी बचाव टीमों ने कुछ घंटों बाद टाइगा (घना बर्फीला जंगल) में विमान का मलबा जलती हुई हालत में पाया। रूस की इमरजेंसी मिनिस्ट्री ने टेलीग्राम पर जानकारी दी, “रूस की नागरिक उड्डयन एजेंसी रोसाविएत्सिया का एक Mi-8 हेलीकॉप्टर विमान का जलता हुआ मलबा देख पाया है।” सोशल मीडिया पर स्थानीय मीडिया द्वारा साझा की गई तस्वीरों में टाइगा के ऊपर घना धुआं उठता दिखा। खराब रास्तों और घने जंगल की वजह से बचाव दल को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मुश्किलें हुईं।

हादसे के बाद विमान में सवार लोगों की संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए। अमूर क्षेत्र के गवर्नर वासिली ओरलोव ने कहा कि विमान में 43 यात्री और 6 क्रू मेंबर थे, जिनमें 5 बच्चे भी शामिल थे। हालांकि, इमरजेंसी मंत्रालय ने यह संख्या करीब 40 बताई, वहीं रूस टुडे के अनुसार, विमान में कुल 47 लोग सवार थे। दुर्घटनाग्रस्त हुआ An-24 विमान सोवियत संघ में 1950 के दशक में बना था। यह दो इंजन वाला टर्बोप्रॉप विमान है और आज भी रूस के दूर-दराज इलाकों में आमतौर पर उपयोग किया जाता है। 1000 से ज्यादा ऐसे विमान बनाए गए थे, जिनमें से कई आज भी उड़ान भर रहे हैं।

यह विमान अंगारा एयरलाइंस का था, जो साइबेरिया में स्थित एक क्षेत्रीय एयरलाइन है और वह अक्सर कठिन भौगोलिक और मौसमीय परिस्थितियों में उड़ान भरती है। अब तक किसी भी यात्री के जिंदा मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। बचाव दल घटनास्थल पर तलाशी और शवों की बरामदगी में जुटा है। इस हादसे की जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि खराब मौसम और पायलट की प्रतिक्रिया इस जांच के प्रमुख बिंदु होंगे। विमान में सवार लोगों के नाम और हादसे की सटीक वजह के बारे में अभी कोई जानकारी जारी नहीं की गई है। पूरा इलाका सील कर दिया गया है और जांच एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button