विदेश

मेलबर्न में श्री स्वामीनारायण मंदिर और भारतीय युवक पर नस्लीय हमला, समुदाय में आक्रोश

ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर के बोरोनिया इलाके में श्री स्वामीनारायण मंदिर पर नस्लीय घृणा से जुड़ी शर्मनाक घटना सामने आई है। अज्ञात लोगों ने मंदिर की दीवारों पर लाल रंग से अपमानजनक और नस्लभरे संदेश लिख दिए। मंदिर के अलावा पास के दो एशियाई रेस्टोरेंट और एक हीलिंग सेंटर पर भी इसी तरह की ग्राफिटी देखी गई है।

स्थानीय मीडिया ‘ऑस्ट्रेलिया टुडे’ के अनुसार, दीवारों पर ‘गो होम ब्राउन…’ जैसे नस्लीय शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिसे देखकर भारतीय समुदाय में गहरी नाराजगी है। यह हमला न सिर्फ धार्मिक स्थल पर, बल्कि एक पूरी संस्कृति और समुदाय की पहचान पर हमला माना जा रहा है। हिंदू काउंसिल ऑफ ऑस्ट्रेलिया (विक्टोरिया चैप्टर) के अध्यक्ष मकरंद भगवत ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह मंदिर शांति और एकता का प्रतीक है और इस तरह की घृणित घटनाएं धार्मिक स्वतंत्रता पर सीधा हमला हैं।

हालांकि विक्टोरिया की मुख्यमंत्री जैसिंटा एलन ने अब तक इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन उनके कार्यालय की ओर से मंदिर प्रबंधन को एक निजी संदेश भेजा गया है। इसमें इस घटना को ‘घृणास्पद और डर फैलाने वाला’ करार दिया गया है। एलन के अनुसार, विक्टोरिया पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। विक्टोरिया पुलिस के मुताबिक, बोरोनिया और बेजवाटर इलाकों में ग्राफिटी से जुड़ी चार घटनाएं सामने आई हैं। सभी घटनाओं की जांच को आपस में जोड़ा जा रहा है। मंदिर के अलावा दो रेस्टोरेंट और एक हीलिंग सेंटर को भी इसी तरह निशाना बनाया गया है। पुलिस ने कहा है कि समाज में इस तरह के नफरत भरे कृत्यों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

इसी बीच, एडिलेड शहर में नस्लीय नफरत की एक और घटना सामने आई है। बुधवार को 23 वर्षीय भारतीय युवक चरनप्रीत सिंह पर कुछ लोगों ने नस्लीय टिप्पणी करते हुए जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले उसे ‘एफ-ऑफ इंडियन’ कहा और फिर बुरी तरह पीटकर सड़क पर फेंक दिया। इन घटनाओं के बाद ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीय समुदाय में आक्रोश है। हिंदू और बहुसांस्कृतिक संगठनों ने एकजुट होकर ऐसे हमलों के खिलाफ आवाज बुलंद की है। ‘सिटी ऑफ ग्रेटर नॉक्स’ की मल्टीफेथ नेटवर्क ने भी मंदिर प्रबंधन को समर्थन देने का भरोसा दिलाया है।

भारतीय प्रवासी संगठनों ने भारत सरकार और अंतरराष्ट्रीय मंचों से मांग की है कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाए और नस्लीय हमलों के खिलाफ ठोस कदम उठाए जाएं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button