विदेश

मैक्सिको में धार्मिक उत्सव के दौरान भीषण गोलीबारी, 12 लोगों की मौत

अमेरिका की सीमा से लगे मैक्सिको के गुआनाजुआतो राज्य में बुधवार रात एक धार्मिक समारोह के दौरान भीषण गोलीबारी हुई। इरापुआतो शहर में आयोजित ‘सेंट जॉन द बैप्टिस्ट’ के जश्न के दौरान सड़क पर जमा भीड़ पर अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 8 पुरुष, 2 महिलाएं और एक किशोर शामिल हैं, जबकि एक व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। गोलीबारी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग नाचते और उत्सव मना रहे होते हैं, तभी अचानक गोलियों की आवाज से अफरा-तफरी मच जाती है।

गुआनाजुआतो राज्य इससे पहले भी ऐसी हिंसक घटनाओं का गवाह बन चुका है। पिछले महीने सैन बार्टोलो डे बेरियोस इलाके में एक कैथोलिक चर्च के आयोजन में गोलीबारी हुई थी, जिसमें 7 लोगों की जान गई थी।

मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि जांच तेजी से की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। गुआनाजुआतो राज्य, जो कभी व्यापार और पर्यटन के लिए प्रसिद्ध था, अब देश के सबसे हिंसाग्रस्त क्षेत्रों में गिना जाने लगा है। ड्रग माफिया और आपराधिक गिरोहों के बीच वर्चस्व की लड़ाई यहां आम हो चुकी है।

पुलिस आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल यहां 3,000 से ज्यादा हत्याएं हुई थीं, जबकि इस साल के पहले पांच महीनों में ही 1,435 हत्याओं के मामले सामने आ चुके हैं। लगातार हो रही हिंसा ने इस इलाके की पहचान और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। धार्मिक और सामाजिक आयोजनों को निशाना बनाकर हो रही हिंसा मैक्सिको की कानून-व्यवस्था पर गहरा संकट दर्शाती है। सरकार भले ही जांच और सख्त कार्रवाई का दावा कर रही हो, लेकिन स्थानीय लोग डर और अनिश्चितता के साए में जीने को मजबूर हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button