एअर इंडिया प्लेन क्रैश के इकलौते बचे यात्री विश्वास कुमार अस्पताल से डिस्चार्ज, भाई का दीव में अंतिम संस्कार

अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया विमान हादसे के इकलौते जीवित बचे यात्री विश्वास कुमार रमेश को मंगलवार शाम अहमदाबाद सिविल अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल से छुट्टी मिलने के तुरंत बाद विश्वास अपने भाई अजय कुमार रमेश के अंतिम संस्कार में शामिल हुए, जो उसी हादसे में मारे गए थे। सिविल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने जानकारी दी कि डीएनए जांच के जरिए अजय कुमार की पहचान की गई। इसके बाद बुधवार को उनका पार्थिव शरीर परिवार को सौंपा गया। अधिकारियों ने बताया कि विश्वास का परिवार पहले ही यूनाइटेड किंगडम से भारत पहुंच चुका था।
विश्वास कुमार ब्रिटेन के लीसेस्टर शहर में रहते हैं और पेशे से एक व्यवसायी हैं। मूल रूप से उनका परिवार दीव से ताल्लुक रखता है। दोनों भाई छुट्टियां बिताने भारत आए थे और दीव में अपने रिश्तेदारों के साथ कुछ समय बिताने के बाद लंदन लौट रहे थे। सोशल मीडिया पर सामने आए एक भावुक वीडियो में विश्वास को अपने भाई के पार्थिव शरीर को कंधा देते हुए दीव के श्मशान घाट तक ले जाते देखा गया।
12 जून को एअर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान, जो अहमदाबाद से लंदन जा रहा था, टेकऑफ के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस भीषण हादसे में विमान में सवार 242 यात्रियों में से 241 लोगों की मौत हो गई थी। विश्वास कुमार अकेले ऐसे व्यक्ति हैं जो इस दुर्घटना में जीवित बचे।
उन्होंने बताया कि उनकी सीट विमान के इमरजेंसी दरवाजे के पास थी, जिससे उन्हें बाहर निकलने का रास्ता मिल गया और उनकी जान बच गई। हादसे के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद सिविल अस्पताल पहुंचकर विश्वास से मुलाकात की थी और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी।
फिलहाल इस दर्दनाक हादसे की जांच जारी है, जबकि विश्वास और उनका परिवार अपने नुकसान से उबरने की कोशिश कर रहे हैं।





