रांची आने वाली इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

पटना से रांची आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को सोमवार दोपहर अचानक आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। फ्लाइट को उड़ान के दौरान एक गिद्ध ने टक्कर मार दी, जिससे विमान को नुकसान पहुंचा। इस फ्लाइट में कुल 175 यात्री सवार थे। अच्छी बात यह रही कि विमान को सुरक्षित उतार लिया गया और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के डायरेक्टर आर. आर. मौर्य ने बताया कि यह घटना दोपहर 1:14 बजे हुई, जब विमान रांची एयरपोर्ट से करीब 10 से 12 नॉटिकल मील दूर और लगभग 3,000 से 4,000 फीट की ऊंचाई पर था। उसी समय विमान को एक गिद्ध ने टक्कर मार दी। उन्होंने बताया, “इंडिगो फ्लाइट को बर्ड हिट हुआ और विमान की बाहरी सतह को नुकसान पहुंचा है। इंजीनियर अब विमान की जांच कर रहे हैं।”
अधिकारियों के मुताबिक यह फ्लाइट पटना से रांची आ रही थी और बाद में इसे कोलकाता के लिए रवाना होना था, लेकिन इस हादसे के बाद फिलहाल विमान को रनवे पर रोक दिया गया है। विमान में सवार किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है और सभी को सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतार दिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए तुरंत इमरजेंसी प्रोटोकॉल अपनाया।





