भारत

एनडीए मुख्यमंत्रियों की बैठक में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना, जातिगत जनगणना पर चर्चा

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की रविवार को हुई अहम बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई और महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया गया।

सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने यह प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने आतंकवादियों और उनके संरक्षकों को सख्त संदेश दिया है और देशवासियों का आत्मविश्वास बढ़ाया है। प्रस्ताव में प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका को निर्णायक बताया गया और कहा गया कि उन्होंने हमेशा सेना का मजबूती से समर्थन किया है।

बैठक में जातिगत जनगणना का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस दौरान केंद्र सरकार द्वारा आगामी जनगणना में जाति आधारित आंकड़े शामिल करने के निर्णय की सराहना की गई।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिस्सा लिया। इस एक दिवसीय सम्मेलन में एनडीए के करीब 19 मुख्यमंत्री और इतने ही उपमुख्यमंत्री मौजूद थे।

भाजपा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ, सुशासन और विभिन्न राज्यों की सफल योजनाओं पर भी चर्चा की गई। कई मुख्यमंत्रियों ने अपने-अपने राज्यों की प्रमुख योजनाओं की प्रस्तुतियां दीं। साथ ही, 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि भी दी गई।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button