भारत बना दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, जापान को पछाड़ा

भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। इस बात की पुष्टि नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में की। उन्होंने बताया कि भारत की अर्थव्यवस्था अब 4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 348 लाख करोड़ रुपये) तक पहुंच गई है। यह आंकड़ा अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की रिपोर्ट से सामने आया है।
सुब्रह्मण्यम ने कहा कि अब सिर्फ अमेरिका, चीन और जर्मनी ही भारत से आगे हैं। अगर भारत इसी रफ्तार से आगे बढ़ता रहा, तो अगले 2 से 3 सालों में हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकते हैं। IMF की अप्रैल 2025 की वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की GDP वित्त वर्ष 2026 तक 4,187 अरब डॉलर पहुंच सकती है। वहीं जापान की GDP 4,186 अरब डॉलर के आसपास रहने की संभावना है, जो भारत से थोड़ी कम है।
भारत 2025 में 6.2% और 2026 में 6.3% की दर से विकास करेगा। ये दर दुनिया की किसी भी बड़ी अर्थव्यवस्था से कहीं ज्यादा है। इसके मुकाबले वैश्विक अर्थव्यवस्था की ग्रोथ दर 2025 में 2.8% और 2026 में 3% रहने का अनुमान है।
नीति आयोग के सीईओ का मानना है कि भारत एक अहम मोड़ पर पहुंच चुका है और अब देश तेज़ विकास के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने हाल ही में हुई नीति आयोग की 10वीं गवर्निंग काउंसिल मीटिंग से जुड़ी बातें भी साझा कीं।
बैठक में केंद्र और राज्यों के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इनमें मैन्युफैक्चरिंग, सर्विस सेक्टर, ग्रामीण क्षेत्रों में गैर-कृषि रोजगार, शहरी और अनौपचारिक अर्थव्यवस्था, और हरित व सर्कुलर इकोनॉमी जैसे क्षेत्र शामिल थे। भारत का चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। अगर यही रफ्तार बनी रही, तो भारत जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंच सकता है और वैश्विक आर्थिक मानचित्र पर अपनी नई पहचान बना सकता है।





