भारत

PM मोदी का ‘मन की बात’ में संबोधन: ऑपरेशन सिंदूर पर गर्व, आतंकवाद के खिलाफ संकल्प दोहराया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 122वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। इस बार उन्होंने हाल ही में सफलतापूर्वक अंजाम दिए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा की और भारतीय सेना की बहादुरी की सराहना की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और हर नागरिक का संकल्प है कि आतंकवाद का जड़ से खात्मा किया जाए। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने सीमा पार आतंकवादी ठिकानों को बेहद सटीकता से ध्वस्त किया, जिसने पूरी दुनिया को एक मजबूत संदेश दिया है।

पीएम मोदी ने इस अभियान को केवल सैन्य मिशन न मानते हुए कहा कि यह भारत के साहस, संकल्प और बदलते स्वरूप का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन में भारतीय सेना की ताकत के साथ-साथ ‘मेक इन इंडिया’ के तहत बने हथियार और तकनीक भी शामिल रही। यह ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पूरे देश में जबरदस्त देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। छोटे-बड़े शहरों, गांवों और कस्बों में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। हजारों लोग हाथों में तिरंगा लेकर सेना को सम्मान देने सड़कों पर उतरे। चंडीगढ़ में नागरिक सुरक्षा के लिए युवाओं का जबरदस्त समर्थन देखने को मिला, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए।

पीएम मोदी ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर ने लोगों के दिलों को छू लिया है। सोशल मीडिया पर कविताएं और गीत लिखे जा रहे हैं। बच्चों ने पेंटिंग्स बनाकर देशप्रेम व्यक्त किया। उन्होंने साझा किया कि बीकानेर यात्रा के दौरान बच्चों ने उन्हें एक विशेष पेंटिंग भेंट की। इतना ही नहीं, बिहार के कटिहार और यूपी के कुशीनगर समेत कई स्थानों पर ऑपरेशन सिंदूर से प्रेरित होकर नवजात शिशुओं के नाम भी ‘सिंदूर’ रखे गए हैं।

प्रधानमंत्री के इस संबोधन में देश की एकजुटता, सेना के शौर्य और आत्मनिर्भर भारत की भावना प्रमुख रही। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ न सिर्फ एक सैन्य सफलता है, बल्कि यह भारत के बदलते आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का प्रतीक बनकर उभरा है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button