भारत पाक तनाव के बीच अमित शाह ने की सुरक्षा बैठक

भारत और पाकिस्तान के बीच जारी सैन्य तनाव के बीच शुक्रवार को गृह मंत्री अमित शाह ने एक अहम बैठक की। इस बैठक में उन्होंने भारत-पाक सीमा और देशभर के एयरपोर्ट्स की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में जम्मू सीमा पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने की कार्रवाई और आतंकी गतिविधियों से निपटने के लिए उठाए गए कदमों पर चर्चा की गई। इस दौरान बीएसएफ की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया कि एक बड़ी घुसपैठ की साजिश को नाकाम किया गया, जिसमें सात आतंकियों को मार गिराया गया और पाकिस्तान रेंजर्स की एक चौकी को भी ध्वस्त कर दिया गया।
बैठक में देश के एयरपोर्ट्स की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। एयरपोर्ट्स की सुरक्षा सीआईएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) के अधीन है। हाल के हालात को देखते हुए एयरपोर्ट्स और अन्य अहम ठिकानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
बैठक में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक तपन डेका, बीएसएफ और सीआईएसएफ के प्रमुखों के साथ-साथ नागरिक विमानन सुरक्षा ब्यूरो के अधिकारी भी मौजूद थे।
गौरतलब है कि भारत ने बुधवार को पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoJK) में आतंकियों के ठिकानों पर हमले किए थे। इसके जवाब में पाकिस्तान ने गुरुवार को भारत के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, जिसे भारतीय सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया।
दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए सरकार ने सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा है।





