राजनाथ सिंह की अगुवाई में राष्ट्रीय सुरक्षा पर हुई अहम बैठक

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को देश की सुरक्षा स्थिति को लेकर शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। यह बैठक उस घटना के एक दिन बाद बुलाई गई, जिसमें भारतीय सेना ने पाकिस्तान की ओर से किए गए ड्रोन और मिसाइल हमलों को विफल कर दिया था।
बैठक में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी शामिल हुए। बैठक के दौरान उभरती सुरक्षा चुनौतियों और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
गुरुवार रात पाकिस्तान ने जम्मू, पठानकोट, उधमपुर और अन्य स्थानों पर भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की थी। लेकिन भारतीय सेना ने समय रहते कार्रवाई करते हुए ड्रोन और मिसाइल हमलों को नाकाम कर दिया।
भारतीय सेना के अनुसार, दुश्मन की ओर से भेजे गए सभी ड्रोन और मिसाइलों को सफलतापूर्वक मार गिराया गया। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारत अपनी संप्रभुता की रक्षा करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
रक्षा मंत्रालय ने यह भी बताया कि पाकिस्तान ने बुधवार रात 15 शहरों — जिनमें अवंतीपुरा, श्रीनगर, अमृतसर, चंडीगढ़, भटिंडा, भुज और अन्य स्थान शामिल हैं — में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की थी।





