सुमी में रूस का घातक मिसाइल हमला, पाम संडे पर 20 से अधिक नागरिकों की मौत, भारतीय कंपनी भी बनी निशाना

रूस और यूक्रेन के बीच तीन साल से जारी युद्ध लगातार और अधिक भीषण होता जा रहा है। रविवार को रूस ने यूक्रेन के सुमी शहर में एक और भयावह मिसाइल हमला किया, जिसमें अब तक 20 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। यह हमला ऐसे वक्त हुआ जब स्थानीय लोग ईसाई धर्म का पवित्र पर्व पाम संडे मनाने के लिए एकत्र हुए थे।
सुमी के कार्यवाहक मेयर आर्टेम कोबजार ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि शहर के बीचोबीच दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं, जिससे भारी तबाही हुई। उन्होंने कहा, “पाम संडे के दिन हमारे शहर ने एक भयानक त्रासदी का सामना किया।” हमले में कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पतालों में जारी है। शहर में भय और शोक का माहौल है।
इस हमले से पहले शनिवार को यूक्रेनी दूतावास ने दावा किया था कि रूस ने जानबूझकर भारत की एक दवा कंपनी कुसुम फार्मा के गोदाम को भी निशाना बनाया। दूतावास ने कहा कि यह हमला सिर्फ मानवीय नुकसान नहीं बल्कि भारत के व्यापारिक हितों को भी नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है।
नई दिल्ली स्थित यूक्रेनी दूतावास ने सोशल मीडिया पर लिखा, “रूस भारत के साथ मैत्री की बात करता है, लेकिन भारतीय कंपनियों को निशाना बनाकर बच्चों और बुजुर्गों की दवाएं तक नष्ट कर रहा है।”
यह हमला उस समय हुआ है जब अमेरिका की मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन के बीच एक अस्थायी समझौता हुआ था, जिसके तहत ऊर्जा सुविधाओं पर हमले रोकने पर सहमति बनी थी। लेकिन इस हमले ने एक बार फिर दिखा दिया कि इस संघर्ष को समाप्त करना अब भी एक गंभीर चुनौती बना हुआ है।





