बैसाखी समेत देशभर में मनाए जा रहे नववर्ष पर्व, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और नेताओं ने दी शुभकामनाएं

देशभर में बैसाखी, बोहाग बिहू, पुथांडु, पोइला बैसाख, विषु, मेषादी और अन्य नववर्ष पर्व धूमधाम से मनाए जा रहे हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। नेताओं ने इन त्योहारों को एकता, समृद्धि और नई शुरुआत का प्रतीक बताया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट कर लिखा, “बैसाखी, विषु, बोहाग बिहू, पोइला बोइशाख, मेषादी, वैशाखादि और पुतांडु पिराप्पु के शुभ अवसर पर भारत और दुनिया भर में बसे सभी भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं।”
उन्होंने इन त्योहारों को सांस्कृतिक एकता और सामाजिक परंपराओं का उत्सव बताते हुए कहा कि ये पर्व किसानों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने और प्रकृति के संरक्षण के संकल्प का प्रतीक हैं। राष्ट्रपति ने कामना की कि ये पर्व देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में संकल्प और ऊर्जा के साथ योगदान देने के लिए प्रेरित करें।
वैशाखी, विषु, बोहाग बिहू, पोयला बोइशाख, मेषादी, वैशाखादि और पुतादुं पिरापु के शुभ अवसर पर मैं भारत और अन्य देशों में रह रहे सभी भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। pic.twitter.com/R37oM9MHsq
— President of India (@rashtrapatibhvn) April 13, 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा, “सभी को बैसाखी की हार्दिक शुभकामनाएं! यह पर्व आपके जीवन में नई आशा, खुशहाली और समृद्धि लेकर आए। आइए हम एकजुटता, कृतज्ञता और नवचेतना की भावना को आगे बढ़ाएं।”
Wishing everyone a happy Baisakhi! pic.twitter.com/kpuqcKO7vi
— Narendra Modi (@narendramodi) April 13, 2025
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैसाखी, बोहाग बिहू, पुथांडु, पोइला बैसाख, बिजू और महा बिशुबा पाना संक्रांति की बधाई देते हुए कहा कि ये पर्व नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये त्योहार देश में भाईचारा, समृद्धि और आनंद को मजबूती देंगे।
भारत के विभिन्न हिस्सों में ये पर्व स्थानीय परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार मनाए जाते हैं। पंजाब में बैसाखी सिख समुदाय का प्रमुख पर्व है, वहीं असम में बोहाग बिहू, तमिलनाडु में पुथांडु, पश्चिम बंगाल में पोइला बैसाख और केरल में विषु के रूप में नए साल का स्वागत किया जाता है।
इन त्योहारों के दौरान देशभर में उत्साह और रौनक देखने को मिल रही है। लोग मंदिरों, गुरुद्वारों और घरों में पूजा-अर्चना कर रहे हैं। बाजारों में चहल-पहल है, लोग पारंपरिक व्यंजन बना रहे हैं और नए वस्त्र पहनकर परिवार व मित्रों के साथ उत्सव मना रहे हैं।
इन पर्वों की खुशबू न केवल भारत में, बल्कि दुनियाभर में बसे भारतीयों के बीच भी बिखर रही है, जो अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हुए इन त्योहारों को उल्लास से मना रहे हैं।





