दिल्ली से बैंकॉक जा रही फ्लाइट में शर्मनाक हरकत, आरोपी यात्री ने मांगी माफी

दिल्ली से बैंकॉक जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2336 में बुधवार को एक शर्मनाक घटना सामने आई, जब एक यात्री ने बिजनेस क्लास में बैठे एक अन्य यात्री पर पेशाब कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब विमान हवा में था, और आरोपी यात्री सीट 2D पर बैठा था। बताया जा रहा है कि जिस यात्री पर पेशाब की गई, वह एक बड़ी कंपनी के प्रबंध निदेशक (MD) हैं।
हालांकि, पीड़ित यात्री ने अब तक इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। वहीं, आरोपी यात्री ने अपने इस व्यवहार के लिए माफी मांगी है।
एयरलाइन ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि विमान में तैनात केबिन क्रू ने सभी निर्धारित मानकों और प्रक्रियाओं का पालन किया और मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है।
एयरलाइन के बयान में कहा गया, “एयर इंडिया इस बात की पुष्टि करता है कि 9 अप्रैल 2025 को AI 2336 (दिल्ली से बैंकॉक) उड़ान के दौरान एक यात्री के अनुशासनहीन व्यवहार की जानकारी क्रू को दी गई। क्रू ने सभी तय प्रक्रियाएं अपनाईं और घटना की सूचना अधिकारियों को दी गई।”
बयान में यह भी कहा गया कि आरोपी यात्री को चेतावनी दी गई और पीड़ित यात्री को बैंकॉक में अधिकारियों से शिकायत करने में मदद की पेशकश की गई, जिसे उन्होंने उस समय अस्वीकार कर दिया।
एयर इंडिया ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए स्वतंत्र समिति का गठन किया जाएगा, जो घटना की समीक्षा कर यह तय करेगी कि आरोपी पर क्या कार्रवाई की जानी चाहिए। एयरलाइन ने कहा कि वह डीजीसीए (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) द्वारा निर्धारित मानकों का पालन कर रही है।
इस बीच, नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने भी घटना पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। जब भी इस तरह की घटनाएं होती हैं, मंत्रालय जांच करता है और यदि किसी स्तर पर गलती पाई जाती है तो उचित कार्रवाई की जाती है।”
यह मामला एक बार फिर हवाई यात्रा के दौरान यात्रियों की अनुशासनहीनता और एयरलाइनों की जिम्मेदारियों पर सवाल खड़ा कर रहा है।





