जम्मू-कश्मीर: उधमपुर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, इलाके में हाई अलर्ट

जम्मू क्षेत्र के उधमपुर जिले के रामनगर इलाके के जोफर क्षेत्र में मंगलवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों ने दो से तीन आतंकियों को घेर लिया है। ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद है।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबल इलाके में तलाशी अभियान चला रहे थे, तभी आतंकियों ने खुद को घिरा पाकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी। दोनों ओर से गोलीबारी जारी है और पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले 24 मार्च को कठुआ जिले के सनयाल इलाके में भी सुरक्षाबलों ने बड़ा ऑपरेशन शुरू किया था। इसके बाद पिछले 17 दिनों में तीन मुठभेड़ें हो चुकी हैं। सुरक्षाबल लगातार उन आतंकियों पर नजर बनाए हुए हैं जो एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में मूवमेंट कर रहे हैं।
इससे पहले रविवार को कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस और सेना की संयुक्त टीम ने जिले के कई इलाकों में तलाशी अभियान चलाकर भारी मात्रा में हथियार और अन्य सामान बरामद किए। कंडी वन क्षेत्र में चलाए गए इस ऑपरेशन में 1 मशीन गन, 7 हैंड ग्रेनेड, 90 राउंड कारतूस, चीन निर्मित दूरबीन, दो सोलर मोबाइल चार्जर, स्लीपिंग बैग, कपड़े और पाकिस्तान निर्मित दवाइयां बरामद की गईं।
वहीं बीते सप्ताह जम्मू के आरएसपुरा सेक्टर में बीएसएफ ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। 4-5 अप्रैल की रात एक संदिग्ध व्यक्ति को सीमा पार करते देखा गया। बीएसएफ जवानों द्वारा चेतावनी देने के बावजूद वह नहीं रुका, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए उसे मार गिराया गया।
जम्मू-कश्मीर में लगातार बढ़ती आतंकी गतिविधियों के मद्देनज़र सुरक्षाबल पूरे क्षेत्र में सतर्क हैं और आतंकियों के खिलाफ सख्त अभियान चला रहे हैं।





