वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की यूके और ऑस्ट्रिया यात्रा शुरू, निवेश और आर्थिक सहयोग पर होगा फोकस

भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 8 से 13 अप्रैल तक यूनाइटेड किंगडम (यूके) और ऑस्ट्रिया की यात्रा पर हैं। इस यात्रा का मकसद दोनों देशों के साथ आर्थिक और निवेश से जुड़ी साझेदारी को और मजबूत करना है। 9 अप्रैल को लंदन में भारत-यूके आर्थिक और वित्तीय बैठक होगी, जिसमें सीतारमण और यूके के वित्त मंत्री मिलकर बातचीत की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में निवेश, टैक्स, डिजिटल पेमेंट, और भारत के UPI सिस्टम को यूके की पेमेंट सिस्टम से जोड़ने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
इस दौरान भारत के GIFT सिटी में बने अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र (IFSC) को बढ़ावा देने, बीमा और पेंशन सेक्टर को मजबूत करने, डिजिटल अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए फंड जुटाने जैसे विषयों पर भी बात होगी।
सीतारमण यूके में कई बड़े निवेशकों, कारोबारियों और अधिकारियों से मुलाकात करेंगी। वह एक खास इन्वेस्टर राउंडटेबल में हिस्सा लेंगी, जिसमें पेंशन फंड्स, बीमा कंपनियों और बैंकों के बड़े अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन यूके सरकार और सिटी ऑफ लंदन के साथ मिलकर किया गया है।
यूके की यात्रा के बाद सीतारमण ऑस्ट्रिया जाएंगी। वहां वह ऑस्ट्रिया के वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री से मिलेंगी। साथ ही, वह एक बैठक में ऑस्ट्रिया के उद्योगपतियों के साथ बातचीत करेंगी ताकि दोनों देशों के बीच निवेश के नए रास्ते खोले जा सकें।
यह यात्रा भारत के लिए विदेशी निवेश और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।





