भारत

फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार, दिल्ली हाईकोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका

फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा को बलात्कार के गंभीर आरोपों के चलते दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा उनकी जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने मिश्रा को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर नबी करीम पुलिस स्टेशन में हिरासत में लिया।

एक 28 वर्षीय महिला ने निर्देशक पर आरोप लगाया है कि मिश्रा ने शादी का झांसा देकर चार वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण किया। महिला, जो फिल्म अभिनेत्री बनने की इच्छुक थी, ने दावा किया कि वह इस दौरान मुंबई में मिश्रा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी। आरोपों के अनुसार, मिश्रा ने उसे तीन बार गर्भपात कराने के लिए मजबूर किया।

पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने 6 मार्च 2024 को मिश्रा के खिलाफ बलात्कार, मारपीट, गर्भपात कराने और धमकी देने जैसी कई धाराओं में मामला दर्ज किया था। शिकायत में यह भी बताया गया कि 18 फरवरी 2025 को आरोपी ने पीड़िता को नबी करीम स्थित होटल शिवा में बुलाया, जहां कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में मामला दर्ज कराया।

हाल ही में मिश्रा तब सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने ‘महाकुंभ 2025’ में वायरल हुई मोनालिसा नामक युवती को अपनी आगामी फिल्म में भूमिका देने की घोषणा की थी। सोशल मीडिया पर इस घोषणा के बाद से ही मिश्रा के पुराने आरोपों को लेकर बहस छिड़ गई थी और उनकी आलोचना की जा रही थी।

अब अदालत द्वारा जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद उनकी गिरफ्तारी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button