‘स्क्विड गेम 3’ की रिलीज डेट कन्फर्म, ट्रेलर मई में होगा लॉन्च

‘स्क्विड गेम 2’ की जबरदस्त सफलता के बाद अब प्रशंसक इसके तीसरे और अंतिम सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस हिट कोरियन सीरीज ने वैश्विक स्तर पर दर्शकों का प्यार बटोरते हुए इतिहास रच दिया है। निर्माताओं ने पहले ही पुष्टि कर दी थी कि ‘स्क्विड गेम 3’ का प्रीमियर 27 जून 2025 को नेटफ्लिक्स पर होगा।
प्रशंसकों की उत्सुकता को और बढ़ाते हुए, खबर है कि ‘स्क्विड गेम 3’ का पहला ट्रेलर मई 2025 में रिलीज किया जाएगा। हाल ही में सामने आई तस्वीरों से संकेत मिला है कि इस बार खेल और भी ज्यादा खतरनाक और चुनौतीपूर्ण होंगे।
इस साल की शुरुआत में, एक 17-सेकंड का टीजर जारी किया गया था, जिसमें नए किरदार चुल-सु की झलक मिली। चुल-सु का जिक्र पहले पोस्ट-क्रेडिट सीन में किया गया था, जिसने प्रशंसकों के बीच कई अटकलों को जन्म दिया।
‘स्क्विड गेम’ न केवल दर्शकों के बीच हिट रही, बल्कि इसने प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड्स में नामांकन हासिल करने वाली पहली गैर-अंग्रेजी टीवी सीरीज बनकर इतिहास भी रचा। अब, इसके तीसरे सीजन में नए ट्विस्ट, और भी खतरनाक खेलों और हाई-स्टेक्स के साथ धमाकेदार क्लाइमेक्स की उम्मीद की जा रही है।
प्रशंसकों को अब ‘स्क्विड गेम 3’ के ट्रेलर और इसके आधिकारिक रिलीज का इंतजार है, जो फिर से दुनिया भर में तहलका मचाने के लिए तैयार है।





