प्रीति जिंटा ने केरल कांग्रेस के दावे को बताया ‘फेक न्यूज’, कहा- मेरा कोई लोन माफ नहीं हुआ

अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने केरल कांग्रेस के उस दावे पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें कहा गया था कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) से संबंधों के चलते उनका 18 करोड़ रुपये का बैंक लोन माफ कर दिया गया। जिंटा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस दावे को ‘फेक न्यूज’ करार दिया और कहा कि उन्हें अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स सौंपने का झूठा आरोप लगाकर बदनाम किया जा रहा है।
केरल कांग्रेस ने अपने बयान में कहा था कि प्रीति जिंटा ने BJP को अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स दे दिए थे और इसके बदले उनका लोन माफ कर दिया गया। साथ ही पार्टी ने यह भी दावा किया कि जिस बैंक से उन्होंने लोन लिया था, वह दिवालिया हो गया, जिससे जमाकर्ता सड़कों पर उतर आए। इसपर प्रतिक्रिया देते हुए जिंटा ने कहा, “मैं अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स खुद मैनेज करती हूं और यह पूरी तरह गलत जानकारी फैलाई जा रही है। मेरा कोई कर्ज माफ नहीं किया गया। मैंने जो लोन लिया था, वह पूरी तरह चुका दिया गया है और इसे 10 साल से ज्यादा हो चुके हैं।”
No I operate my social media accounts my self and shame on you for promoting FAKE NEWS ! No one wrote off anything or any loan for me. I’m shocked that a political party or their representative is promoting fake news & indulging in vile gossip & click baits using my name &… https://t.co/cdnEvqnkYx
— Preity G Zinta (@realpreityzinta) February 25, 2025
हाल ही में RBI (भारतीय रिजर्व बैंक) ने न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक पर कई प्रतिबंध लगाए थे, जिससे जमाकर्ता अपने पैसे निकालने में असमर्थ थे। हालांकि, अब RBI ने 27 फरवरी से खाताधारकों को 25,000 रुपये तक निकालने की अनुमति दी है। बैंक पर वित्तीय अनियमितताओं के चलते कार्रवाई हुई थी और इसके निदेशक मंडल को भंग कर दिया गया। SBI के पूर्व महाप्रबंधक श्रीकांत को प्रशासक नियुक्त किया गया है। प्रीति जिंटा के खिलाफ लगाए गए आरोपों और बैंक विवाद के चलते यह मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है।





