ताज़ा खबरेंभारत

तेलंगाना टनल हादसा: फंसे मजदूरों के बचने की उम्मीद बेहद कम

तेलंगाना में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल की सुरंग ढहने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें आठ मजदूर मलबे में फंस गए हैं। राज्य के मंत्री जुपल्ली कृष्ण राव ने कहा कि उनके जीवित बचने की संभावना बहुत कम है। मंत्री कृष्ण राव ने बताया कि बचाव अभियान पूरी तेजी से जारी है, लेकिन सुरंग के अंदर कीचड़ और मलबा भरा हुआ है, जिससे राहत कार्य में मुश्किलें आ रही हैं। मजदूरों तक पहुंचने में कम से कम तीन से चार दिन लग सकते हैं।

रेस्क्यू टीम मशीनों की मदद से सुरंग से मलबा हटाने का प्रयास कर रही है। दुर्घटना के कारण सुरंग खोदने वाली भारी-भरकम मशीन (TBM) भी करीब 200 मीटर तक बह गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। मजदूरों को ऑक्सीजन देने और पानी निकालने की लगातार कोशिश की जा रही है। मंत्री कृष्ण राव ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि जब उन्होंने सुरंग के अंदर जाकर मजदूरों को आवाज लगाई, तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। सुरंग में 30 फुट में से 25 फुट तक कीचड़ जमा हो चुका है, जिससे हालात बेहद चिंताजनक हैं।

हादसे में फंसे आठ मजदूर अलग-अलग राज्यों से हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के मनोज कुमार और श्री निवास, जम्मू-कश्मीर के सनी सिंह, पंजाब के गुरप्रीत सिंह और झारखंड के संदीप साहू, जेगता जेस, संतोष साहू और अनुज साहू शामिल हैं। रेस्क्यू टीम लगातार राहत कार्य में जुटी हुई है, लेकिन मजदूरों के सुरक्षित बाहर निकलने को लेकर आशंका बनी हुई है।

Show More
Back to top button