यमुना सफाई पर एक्शन में नई सरकार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की आरती

दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार शाम वासुदेव घाट पर यमुना नदी की पूजा-अर्चना और आरती कर अपने कार्यकाल की शुरुआत की। उनके साथ कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा, पंकज कुमार सिंह सहित कई बीजेपी नेता भी मौजूद रहे।
#WATCH दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली के कैबिनेट मंत्री परवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा, पंकज कुमार सिंह सहित अन्य भाजपा नेता वासुदेव घाट पर संध्या आरती में शामिल हुए। pic.twitter.com/IYQX2op7tJ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 20, 2025
शपथ ग्रहण के कुछ घंटों बाद ही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपनी पूरी कैबिनेट के साथ यमुना नदी के घाट पर पहुंचीं। यहां उन्होंने नदी की स्वच्छता को लेकर संकल्प लिया और सफाई कार्यों का जायजा भी लिया। सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया कि यमुना की सफाई उनकी प्राथमिकता में शामिल होगी।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान यमुना की गंदगी एक प्रमुख मुद्दा बना था। बीजेपी ने इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कठघरे में खड़ा किया था। चुनाव में आम आदमी पार्टी की हार के पीछे यमुना सफाई को लेकर जनता की नाराजगी भी एक बड़ी वजह बताई गई थी।
चुनाव जीतने के बाद से ही बीजेपी सरकार ने यमुना सफाई अभियान को तेज कर दिया है। कई मशीनें नदी की सफाई में लगी हुई हैं, और इस अभियान को तेजी से आगे बढ़ाने की तैयारी हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार दिल्ली की जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।





