ताज़ा खबरेंभारत

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को मिली जान से मारने की धमकी, जांच में जुटी एजेंसियां

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। मुंबई की गोरेगांव पुलिस को एक अज्ञात शख्स से ईमेल मिला, जिसमें शिंदे की गाड़ी को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। यह धमकी भरे ईमेल न केवल गोरेगांव और जेजे मार्ग पुलिस स्टेशनों को भेजे गए, बल्कि राज्य सरकार के मंत्रालय तक भी पहुंचे, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

ईमेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। अधिकारी उस ईमेल आईडी के आईपी एड्रेस को ट्रेस करने में जुटे हैं, जिससे धमकी भेजी गई थी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं यह किसी गहरी साजिश का हिस्सा तो नहीं। धमकी को गंभीरता से लेते हुए मुंबई पुलिस ने शिंदे की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। उनके इर्द-गिर्द सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है और उनकी गतिविधियों पर सुरक्षा एजेंसियां पैनी नजर बनाए हुए हैं।

यह पहली बार नहीं है जब एकनाथ शिंदे को जान से मारने की धमकी मिली हो। इससे पहले, जनवरी 2025 में भी एक 24 वर्षीय युवक, हितेश प्रकाश ढेंडे, ने सोशल मीडिया पर शिंदे को धमकी दी थी। इस मामले में ठाणे के श्रीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई थी, और पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

पिछले कुछ महीनों में राजनीतिक नेताओं को धमकी भरे कॉल और ईमेल मिलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। यह बढ़ती घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गई हैं। ऐसे में पुलिस अब मामले की हर एंगल से जांच कर रही है ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Show More
Back to top button