फैक्ट चेक: 2024 में रील बनाते हुए बिल्डिंग से गिरी युवती की तस्वीर को हालिया दिनों की घटना बताकर किया गया वायरल

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। पोस्ट में एक युवती की तस्वीर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रहने वाली एक युवती रील्स बनाने के चक्कर में बिल्डिंग के छठी मंजिल पर बने अपने फ्लैट की बालकनी से नीचे गिर गयी दावा किया जा रहा है कि युवती को इलाज के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।
फेसबुक पर वायरल वीडियो को शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि “Reel का नशा अब जानलेवा होता जा रहा है, यह लड़की गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रहती है, आज सुबह यह अपने फ्लैट की बालकनी में खड़ी होकर Reel बना रही थी, तभी इसके हाथ से छूटकर मोबाइल नीचे गिर गया, और मोबाइल पकड़ने के प्रयास में यह भी छठी मंजिल से नीचे आ गिरी, और बुरी तरह घायल हो गई, पड़ोसियों ने इसे अस्पताल पहुंचाया जहां इसका इलाज जारी है,”
फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।
फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल पोस्ट की खबर हालिया दिनों की नहीं है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबर को पढ़ने पर हमें इसके पुराने होने की आशंका हुई। जिसके बाद हमने अपनी पड़ताल की। सबसे पहले हमने कुछ संबंधित कीवर्ड्स से गूगल पर खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें सबसे पहले वायरल पोस्ट की वायरल तस्वीर India Today की वेबसाइट पर अगस्त 14, 2024 को प्रकाशित एक लेख में मिला। यहाँ जानकारी दी गयी है कि ग़ाज़ियाबाद की एक युवती छठी मंजिल की बालकनी से रील बनाते हुए गिर गयी।

इसके बाद पुष्टि के लिए हमने गूगल पर और बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल पोस्ट वाली खबर दैनिक जागरण की वेबसाइट पर अगस्त 13, 2024 को प्रकाशित एक लेख में मिली।

यहाँ जानकारी दी गयी है कि, गाजियाबाद में रील बनाने के चक्कर में मोनिशा नाम की लड़की छठी मंजिल की बालकनी से गिर गई। एक शाम वह बालकनी में खड़ी होकर रील बना रही थी। इस दौरान उसके हाथ से मोबाइल छूट गया। उसे पकड़ने के चक्कर में वह नीचे गिर गई थी, रिपोर्ट में बताया गया है कि हादसा इंदिरापुरम कोतवाली क्षेत्र स्थित ऋषभ क्लाउड-9 सोसाइटी में हुआ था, हादसे के दौरान युवती के पैर में फ्रैक्चर हुआ था।
पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से हमने जाना कि वायरल पोस्ट की खबर हालिया दिनों की नहीं बल्कि अगस्त, साल 2024 के दौरान की है।





