भारत

महाकुंभ 2025 : भूटान नरेश नामग्याल वांगचुक ने त्रिवेणी संगम में लगाई पवित्र डुबकी

मंगलवार को भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज के त्रिवेणी संगम पर पूजा-अर्चना की, साथ ही भूटान नरेश ने योगी आदित्यनाथ के साथ महाकुंभ में त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया एक्स पर तस्वीरे पोस्ट करते हुए लिखा,

यत्सेवया देवनृदेवतादि- देवर्षयः प्रत्यहमामनन्ति।

स्वर्गं च सर्वोत्तमभूमिराज्यं स तीर्थराजो जयति प्रयागः॥

महाकुम्भ-2025, प्रयागराज में आज भूटान के महामहिम नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक जी ने पवित्र त्रिवेणी संगम में पावन स्नान कर पुण्य प्राप्त किया.

 

इससे पहले दिन में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक का लखनऊ एयरपोर्ट पर स्वागत किया और उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट किया. इसके बाद दोनों गणमान्य व्यक्ति प्रयागराज के लिए विमान में सवार हो गए। भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक सोमवार को लखनऊ पहुंचे.

सीएम योगी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. पारंपरिक संगीत और नृत्य के साथ उनका स्वागत किया गया. भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में महाकुंभ मेले में डिजिटल महाकुंभ अनुभव केंद्र का दौरा किया.

दरअसल भारत और भूटान में मैत्री और सहयोग के सौहार्दपूर्ण संबंध हैं, जिनमें सभी स्तरों पर आपसी समझ, भरोसा और भरपूर सहयोग झलकता है. भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और भूटान की रानी जेटसन पेमा वांगचुक ने पिछले साल दिसंबर में भारत की यात्रा की थी. इस यात्रा के दौरान भूटान नरेश और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच द्विपक्षीय सहयोग और आपसी हित के सभी क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई थी.

 

भूटान नरेश का यह दौरा भारत-भूटान मित्रता एवं सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.

Show More
Back to top button