ताज़ा खबरें

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले कालकाजी में हंगामा, सीएम आतिशी पर आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले कालकाजी में हंगामा, सीएम आतिशी पर आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज

 

दिल्ली विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में देर रात तक हंगामा जारी रहा। आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर मारपीट और कैश बांटने के आरोप लगाए। इस बीच, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी आधी रात को गोविंदपुरी थाने पहुंचीं और पुलिस को शिकायत दी।

आतिशी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ता झुग्गीवासियों को धमका रहे हैं। मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस ने इस विवाद को लेकर दो केस दर्ज किए हैं, जिनमें से एक मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ है।

आपको बता दें कि आतिशी पर आरोप है कि वे करीब 50-60 समर्थकों के साथ 10 गाड़ियों में फतेह सिंह मार्ग पहुंचीं। पुलिस ने जब उन्हें आचार संहिता का हवाला देते हुए जाने को कहा, तो उन्होंने मना कर दिया। इस पर चुनाव आयोग की शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

एक अन्य मामला आतिशी के समर्थकों के खिलाफ दर्ज किया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने पुलिस के काम में बाधा डाली और एक पुलिसकर्मी पर हमला किया। वायरल वीडियो में आतिशी के समर्थक सागर मेहता को पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारते हुए देखा गया। वीडियो में दिख रहा है कि पुलिसकर्मी वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था, तभी सागर ने उसे थप्पड़ मार दिया।

वहीं, बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी के भतीजे मनीष बिधूड़ी पर भी “रिप्रेजेंटेशन ऑफ पीपुल एक्ट” के तहत कार्रवाई की गई है। उनकी गाड़ी में संदिग्ध सामग्री होने की सूचना थी, हालांकि तलाशी के दौरान कुछ नहीं मिला। दिल्ली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, जबकि राजनीतिक सरगर्मियां चुनाव से पहले तेज हो गई हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button