फैक्ट चेक: प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की यह तस्वीर महाकुंभ की नहीं, जानें पूरा सच

सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही जिसमें बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा को अपने पति निक जोनास व बेटी मालती मैरी जोनस के साथ देखा जा सकता है। इसी तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि प्रियंका चोपड़ा अपने परिवार के साथ प्रयागराज में हो रहे महाकुंभ में पहुंची हैं।
फेसबुक पर वायरल तस्वीर को शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि “प्रियंका चोपड़ा दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक समागमों में से एक महाकुंभ 2025 के लिए प्रयागराज पहुंच गई हैं. 13 जनवरी से शुरू होकर 25 फरवरी तक चलने वाले इस आयोजन में लाखों लोग प्रार्थना और पवित्र स्नान के लिए एकत्रित होते हैं. जबकि प्रियंका का करियर उन्हें साल भर व्यस्त रखता है, वे हमेशा अपनी जड़ों और सार्थक अनुभवों के लिए समय निकालती हैं. वह वर्तमान में रोमांचक परियोजनाओं पर काम कर रही हैं, जिसमें सिटाडेल सीरीज़ में उनकी आगामी भूमिका भी शामिल है, क्योंकि वह अपनी वैश्विक सफलता को अपनी भारतीय जड़ों के साथ मिलाना जारी रखती हैं.”

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।
फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल की हमने जाना कि वायरल तस्वीर हालिया दिनों की नहीं है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर हमें देखने में कुछ पुरानी लगी। जिसके बाद सत्यता जानने के लिए हमने पड़ताल की। हमने सबसे पहले वायरल तस्वीर को गूगल लेंस के माध्यम से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें UP18news नामक वेबसाइट पर वायरल तस्वीर मार्च 21, 2024 को छपे एक लेख में मिली।

लेख के मुताबिक बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा कि यह वायरल तस्वीर उस दौरान कि है जब वह उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन के लिए अपनी पति निक जोनस और बेटी मालती मैरी के साथ पहुंची थी।
उपरोक्त प्राप्त जानकारी की पुष्टि के लिए हमने गूगल पर और बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें प्रियंका चोपड़ा की वायरल तस्वीर वाला दृश्य Zee News के आधिकरिक यूट्यूब चैनल पर मार्च 21, 2024 को अपलोड किए गए एक वीडियो में मिला।
उपरोक्त प्राप्त वीडियो में हम वायरल तस्वीर वाला दृश्य देख सकते हैं। वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा गया है कि “अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनास, अपने पति, गायक निक जोनास और उनकी बेटी मालती मैरी जोनास के साथ कल उत्तर प्रदेश के अयोध्या पहुंची। पीले रंग की साड़ी में प्रियंका ने पूरे पारम्परिक अंदाज़ में रामलला के दर्शन किए।”
पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से हमने जाना कि वायरल तस्वीर हालिया दिनों का नहीं बल्कि साल 2024 के दौरान का है। जब अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा अपने पति निक जोनस के साथ अयोध्या में राम लला के दर्शन के लिए पहुंची थी।





