अमेठी: दलित शिक्षक के पूरे परिवार की हुई हत्या, राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार के सदस्य से फ़ोन पर की बात

अमेठी: दलित शिक्षक के पूरे परिवार की हुई हत्या, राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार के सदस्य से फ़ोन पर की बात
अमेठी में गत शाम एक दलित शिक्षक सुनील कुमार और उनके पूरे परिवार की बेरहमी से हत्या कर दी गयी। हत्यारों ने दो मासूम बेटियों को भी नहीं छोड़ा और गोली मारकर उनकी जान ले ली। इस हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है, वहीं प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी एक बड़ा सवाल खड़ा किया है।
घटना की जानकारी मिलते ही अमेठी के सांसद केएल शर्मा ने मृतक शिक्षक के पिता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और मृतक के परिवार के सदस्य के बीच फोन पर बातचीत कराई।
#WATCH अमेठी के सांसद के.एल. शर्मा ने लोकसभा में विपक्ष के नेता व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और मृतक के परिवार के सदस्य के बीच फोन पर बातचीत कराई।
कल अमेठी में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर दी गई थी। pic.twitter.com/ix5QCsbNZs
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 4, 2024
इस घटना को लेकर पुलिस का दावा है कि ये किसी एक हत्यारे और एक असलहे का काम नहीं है। पुलिस कई थ्योरी पर एकसाथ काम कर रही है। पुलिस का दावा है कि उसके हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं और जल्द ही दोषी पकड़े जाएंगे। इस बीच रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमेठी के अपने पार्टी के सांसद केएल शर्मा से फोन पर बातचीत की है।
अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा, “यह जघन्य अपराध है… मैं कल से पीड़ित परिवार के संपर्क में हूं, वे चाहते हैं कि अपराधी को कड़ी सजा मिले, हम भी यही चाहते हैं कि कड़ी से कड़ी सजा मिले। उनके परिवार का कहना है कि रायबरेली में FIR हुई थी, अगर पुलिस उसे गंभीरता से लेती तो यह घटना नहीं होती… हम चाहते हैं कि पुलिस मामले की तह तक जाए और सरकार परिवार को मुआवजा दें… राहुल गांधी ने परिवार से बात की है, उन्होंने कहा है कि वे इनसे मिलने आएंगे…”
बता दें कि शाम करीब सात बजे बाइक पर सवार वहां पहुंचे और सुनील कुमार, उनकी पत्नी पूनम भारती और पांच वर्षीय पुत्री सृष्टि व डेढ़ वर्षीय बेटी लाडो पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलियों की आवाज सुनकर लोग दौड़े लेकिन हमलावर भाग निकले। भीतर जाकर लोगों ने देखा तो चारो लथपथ पड़े थे। लोगों ने तत्काल घायलों को पास के सिंहपुर सीएचसी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।





