
दिल्ली को उनका नया सीएम मिल गया है. अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आज आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. इस शपथ ग्रहण के साथ आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बन गईं हैं. बता दें कि आतिशी के साथ सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और मुकेश अहलावत ने भी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली है.
दिल्ली सरकार में विभागों का हुआ बंटवारा, जानें किसे मिला कौनसा विभाग
मुख्यमंत्री आतिशी शिक्षा, वित्त, बिजली, पानी समेत 13 मौजूदा विभागों (जो पहले उनके पास थे) की जिम्मेदारी संभालेंगी. सौरभ भारद्वाज स्वास्थ्य, शहरी विकास और समाज कल्याण समेत आठ विभागों का प्रभार संभालेंगे. गोपाल राय के पास पर्यावरण समेत तीन विभाग होंगे. कैलाश गहलोत परिवहन, महिला एवं बाल विकास समेत चार विभागों का प्रभार संभालेंगे. इमरान हुसैन खाद्य आपूर्ति और चुनाव विभाग का प्रभार संभालेंगे. मुकेश अहलावत दिल्ली के एससी/एसटी मंत्री बनेंगे, साथ ही श्रम समेत चार और विभाग भी संभालेंगे.






