केदारनाथ: पैदल मार्ग में बड़ा हादसा, पहाड़ से गिरे मलबे में दबे यात्री, तीन शव निकले
केदारनाथ: पैदल मार्ग में बड़ा हादसा, पहाड़ से गिरे मलबे में दबे यात्री, तीन शव निकले
रविवार सुबह केदारनाथ पैदल मार्ग पर एक बड़ा हादसा हुआ। यहाँ पहाड़ से मलबा गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया, जहां कई यात्रियों के मलबे में दबे होने की सूचना मिली है। इस हादसे में आठ लोगों के घायल होने की जानकारी मिली जबकि तीन यात्रियों की मौत होने की खबर है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक घायल हुए यात्री गुजरात और महाराष्ट्र के बताए जा रहे हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे आपदा कंट्रोल रूम को एक सूचना मिली थी। जिसमें बताया गया कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर चीरबासा के पास पहाड़ी से मलबा और भारी पत्थर आ गया गया। जिसकी चपेट में आने से कुछ यात्री मलबे में दबे हुए हैं। यह सूचना मिलते ही यात्रा मार्ग में तैनात सुरक्षाकर्मी जिनमें एनडीआरएफ, डीडीआरफ, वाईएमएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जहां राहत और बचाव का कार्य जारी है।
बता दें कि आज मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में पहाड़ों पर बोल्डर और पत्थर गिरने के साथ ही नदी-नालों के उफान पर आने का खतरा बढ़ गया है। लिहाजा, बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
वहीं हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंंह धामी ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा- ‘केदारनाथ यात्रा मार्ग के पास पहाड़ी से मलबा व भारी पत्थर गिरने से कुछ यात्रियों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है, इस सम्बन्ध में निरंतर अधिकारियों के संपर्क में हूं। हादसे में घायल हुए लोगों को त्वरित रूप से बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को श्री चरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’





