NM वेरिफाइडताज़ा खबरें

फैक्ट चेक: नवनिर्वाचित सांसद कुमारी शैलजा के दफ्तर में हुई तोड़फोड़ का वीडियो भ्रामक दावे के साथ किया गया वायरल, पढ़ें पूरा सच

फैक्ट चेक: नवनिर्वाचित सांसद कुमारी शैलजा के दफ्तर में हुई तोड़फोड़ का वीडियो भ्रामक दावे के साथ किया गया वायरल, पढ़ें पूरा सच

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है, जो हरियाणा की कांग्रेस पार्टी की नव निर्वाचित सांसद कुमारी शैलजा के दफ्तर में हुई तोड़फोड़ का है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सांसद के मीडिया से बातचीत के दौरान उनके दफ्तर में तोड़फोड़ हो जाती है। इसी वीडियो को इंटरनेट पर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस सांसद बनी कुमारी शैलजा से जब अपने ऑफिस पहुंचीं तो कुछ लोग उनसे 8500 रुपए मांगने पहुंचे, लेकिन पैसे न मिलने पर लोगों ने वहां तोड़फोड़ कर दी।

फेसबुक पर वायरल वीडियो को शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि “हरियाणा से कांग्रेस की नव निर्वाचित सांसद कुमारी सैलजा जब अपने ऑफिस पहुंची तो 8500 मांगने वाले लोग आ गए हैं खटखट पैसे नहीं दिये तो भट्टा भट्ट शुरू हो गयी तड़क् तड़क् शीशे टूटने शुरू हो गए,,|

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।

 

फैक्ट चेक:

न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

वायरल वीडियो के साथ शेयर किए जा रहे दावे की सत्यता जानने के लिए हमने पड़ताल की। सबसे पहले हमने वीडियो से संबंधित कुछ कीवर्ड्स को गूगल पर खोजा। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो के Punjab kesari नामक वेबसाइट पर जून 13, 2024 को प्रकाशित एक लेख में मिला।

लेख के मुताबिक वायरल वीडियो उस दौरान का है जब सिरसा लोकसभा की सांसद कुमारी सैलजा टोहाना पहुंची। यहां कुमारी सैलजा की प्रेस वार्ता के दौरान हंगामा हो गया। लेख के मुताबिक यह हंगामा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया। लेख में जानकारी दी गयी है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कमरे का शीशा तोड़ दिया था। तो वहीं हंगामा होता देख कुमारी सैलजा गुस्सा हो गई और उन्होंने कहा कि यह गलत है।

उपरोक्त प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह हंगामा किसी और ने नहीं बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ही किया था। इसी जानकारी की पुष्टि के लिए हमने गूगल पर और बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें ईटीवी भारत की वेबसाइट पर एक रिपोर्ट मिली। जिसे जून 13, 2024 को प्रकाशित किया गया था।

रिपोर्ट के अनुसार, सिरसा से सांसद कुमारी शैलजा जीत के बाद फतेहाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही थी। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऑफिस में तोड़फोड़ कर दी। दरअसल पूरा मामला प्रेस कांफ्रेंस के दौरान गेट बंद होने को लेकर है। सिरसा से सांसद बनी कुमारी शैलजा जैसे ही प्रेस कांफ्रेंस रूम की ओर गई तो ज्यादातर नेता अंदर चले गए लेकिन पूर्व मंत्री परमवीर सिंह और उनके समर्थक बाहर ही रह गए। कुमारी शैलजा ने प्रेस कांफ्रेंस स्टार्ट कर दी लेकिन गेट के बाहर खड़े परमवीर सिंह और उनके समर्थकों को ये नागवार गुजरा और उन्होंने गेट थपथपाना और धक्का मारना शुरू कर दिया।गेट के बाहर हंगामा होते देख कुमारी शैलजा उखड़ गई और उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्टॉप इट…स्टॉप इट…बस करो कहना शुरू कर दिया।

पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से हमने जाना कि वायरल वीडियो भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। सांसद कुमारी शैलजा के दफ्तर में तोड़फोड़ आम जनता ने नहीं बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button