हेलिकॉप्टर क्रैश में ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की मौत, ईरानी मीडिया का दावा

नई दिल्ली: ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की हेलिकॉप्टर क्रैश में मौत हो गई है. इस हेलिकॉप्टर हादसे में उनके साथ विदेश मंत्री की भी जान चली गई है. बीते दिन हेलिकॉप्टर हादसे के बाद से आज कई घंटों की मशक्कत के बाद हेलिकॉप्टर का मलबा मिल गया है.
दरअसल, अजरबैजान के घने और पहाड़ी इलाके में रविवार को हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था. इसी हेलिकॉप्टर में राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी, विदेश मंत्री और अन्य अफसर सवार थे. हादसे के बाद से ही बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया था.
ईरानी रेड क्रिसेंट के चीफ ने कहा कि रेस्क्यू टीम दुर्घटनास्थल और हेलिकॉप्टर के मलबे तक पहुंच गई हैं. हमें रेस्क्यू टीमों से वीडियो मिले हैं. उनका कहना है कि हेलीकॉप्टर का पूरा केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त और जल गया है. और उनका कहना है कि फिलहाल साइट पर जीवित बचे लोगों के कोई निशान नहीं हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के राष्ट्रपति डॉ. सैयद इब्राहिम रायसी के दुखद निधन से बहुत दुखी और स्तब्ध हूं. भारत-ईरान द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा. उनके परिवार और ईरान के लोगों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना. दुख की इस घड़ी में भारत ईरान के साथ खड़ा है.”





