पूरी हुई लोकसभा चुनाव के 5वें चरण की प्रक्रिया, 49 सीटों पर शाम 5 बजे तक 56.68% मतदान दर्ज़

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण के लिए आज यानी 20 मई, सोमवार को आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है. पांचवें चरण के चुनाव में दोपहर 1 बजे तक 36.73% मतदान दर्ज़ किया गया. 5वें चरण के मतदान की सबसे अहम बात यह है कि इसमें राजनाथ सिंह और स्मृति ईरानी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित चार केंद्रीय मंत्रियों के भाग्य का फैसला होगा. इसके साथ ही एक विधानसभा सीट लखनऊ पूर्व पर उपचुनाव भी हो रहा है.
शाम 05 बजे तक वोटिंग प्रतिशत
बिहार- 52.35% जम्मू और कश्मीर- 54.21% झारखंड- 61.90% लद्दाख-67.15% महाराष्ट्र- 48.66% ओडिशा- 60.55% उत्तर प्रदेश-55.80 पश्चिम बंगाल- 73.00%
पांचवें चरण के चुनाव में सुबह 9 बजे तक 10.28% मतदान दर्ज़ किया गया। बिहार 8.86% जम्मू और कश्मीर 7.63% झारखंड 11.68% लद्दाख 10.51% महाराष्ट्र 6.33% ओडिशा 6.87% पश्चिम बंगाल 15.35%

गृह मंत्री अमित शाह ने X पर पोस्ट किया है. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा ‘आज जम्मू-कश्मीर के बारामुला के मतदाता लोकतंत्र के उत्सव में मतदान करने जा रहे हैं. मैं यहां के निवासियों से यह अपील करता हूं कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर ऐसे परिवारों को जवाब दें, जिन्होंने दशकों तक आपको आपके अधिकारों से वंचित रखा. अपने संसदीय क्षेत्र में ऐसा प्रतिनिधि चुनें, जो देश की एकता, अखंडता और आपके क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहे. आपका एक वोट जम्मू-कश्मीर की शांति और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करेगा.’
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में कई केंद्रीय मंत्री शामिल हैं. जिनमें राजनाथ सिंह (लखनऊ, उत्तर प्रदेश), पीयूष गोयल (मुंबई उत्तर, महाराष्ट्र), साध्वी निरंजन ज्योति (फतेहपुर, उप्र) और शांतनु ठाकुर (बनगांव, पश्चिम बंगाल), लोजपा (रामविलास) के नेता चिराग पासवान (हाजीपुर, बिहार), शिवसेना के श्रीकांत शिंदे (कल्याण, महाराष्ट्र) और भाजपा के राजीव प्रताप रूडी तथा राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य (दोनों सारण, बिहार) शामिल हैं.
लोकसभा चुनाव के 5वें चरण में सोमवार को उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीट मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी, बाराबंकी, फैजाबाद, कैसरगंज, गोंडा सीटों पर मतदान हो रहे हैं. इसमें से 10 सीटें सामान्य श्रेणी की हैं और चार सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है.
सोमवार को होने वाले मतदान में सबकी निगाहें रायबरेली सीट पर लगी हुई हैं. यहां से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी मैदान में हैं. वहीं बीजेपी ने यहां से दिनेश सिंह को मैदान में उतारा है. बता दें कि रायबरेली कांग्रेस का मजबूत गढ़ मानी जाती है. वहीं दूसरी ओर अमेठी में कांग्रेस ने बीजेपी की मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी के सामने केएल शर्मा को टिकट दिया है. कांग्रेस की तरफ से बाराबंकी लोकसभा सीट से तनुज पुनिया और झांसी से प्रदीप जैन ‘आदित्य’ चुनाव लड़ रहे हैं. शेष सीटों पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं.





