ताज़ा खबरें

दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने का मामला, दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने जारी की एडवाइजरी

नई दिल्ली: आज दिल्ली के कुछ स्कूलों को मिली बम की धमकियों के मद्देनजर दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने एडवाइजरी जारी की है. एडवाइजरी में लिखा है कि “अगर कुछ भी अवांछित देखा जाता है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित DDE (जिला/जोन) और दिल्ली पुलिस को दी जानी चाहिए. स्कूल प्राधिकारियों को समय रहते अभिभावकों और संबंधित कानून प्रवर्तन प्राधिकारियों को किसी भी बाधा उत्पन्न करने वाले खतरे या चुनौती की स्थिति में छात्रों की सुरक्षा के संबंध में उचित उपाय शुरू करने के लिए सूचित करना चाहिए.”

 

बुधवार सुबह 100 से ज्‍यादा स्‍कूलों में बम की खबर के बाद राजधानी और एनसीआर के स्‍कूलों में अफरा-तफरी मच गई. सभी स्‍कूलों में बड़ी संख्‍या में बम निरोधक दस्‍ते की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया. बच्‍चों को आनन-फानन में अपने घर वापस भेज दिया गया. लंबी जांच के बाद इन्‍हें हॉक्‍स कॉल करार दे दिया गया. जांच के दौरान पता चला कि जिस आईपी एड्रस से यह मेल 100 से ज्‍यादा स्‍कूलों को भेजा गया था, वो रूस का था.

 

दिल्‍ली-एनसीआर के कम से कम 100 स्‍कूलों को ईमेल पर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के मामले में दिल्‍ली पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है. पुलिस ने आईपीसी की धारा 120 बी और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया. स्‍पेशल सेल के थाने में दर्ज एफआईआर में आपराधिक धमकी और आपराधिक षडयंत्र की धारा को जोड़ा गया है.

 

गौरतलब है कि दिल्ली के स्कूलों में बम की धमकी का मामला कोई नया नहीं है. इससे पहले भी दिल्ली के कई स्कूलों में बम की धमकी मिल चुकी है. इसके साथ ही कल मंगलवार (30 अप्रैल को) दिल्ली के चाचा नेहरू अस्पताल समेत सौ से अधिक सरकारी संस्थानों को ईमेल के जरिये बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. आज एक ही समय पर दिल्ली के कई स्कूलों को ईमेल भेजा गया है.

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button