अलीपुर में दयाल मार्केट का दौरा करने पहुंचे केजरीवाल, मृतकों को 10 लाख मुआवजे की घोषणा
नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अलीपुर का दौरा किया जहां एक पेंट फैक्ट्री में आग लगने से 11 लोगों की मृत्यु हो गई. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, “…हादसे में जिनकी मृत्यु हुई है उनके परिवार को 10 लाख का मुआवजा दिया जाएगा. जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं उन्हें 2 लाख रुपए और जिन्हें मामुली चोटें आई हैं उन्हें 20 हजार रुपए दिए जाएंगे. जो मकान और दुकान जल गए हैं उसके नुकसान का आंकलन किया जाएगा और पॉलिसी के मुताबिक मुआवजा दिया जाएगा. बताया जा रहा है कि दमकल विभाग की गाड़ियां देरी से आई थी, इसके मैं जांच के आदेश दूंगा. आवसीय क्षेत्र में फैक्ट्री कैसे चल रही थी इसकी भी जांच होगी.”
बीते दिन दिल्ली के अलीपुर में दयाल मार्केट में लगी आग में 11 लोगों की मौत हो गई वहीं चार लोग घायल हुए हैं. दिल्ली अग्निशमन सेवा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शाम करीब साढ़े पांच बजे दयाल मार्केट में लगी आग में एक पुलिस कांस्टेबल सहित चार अन्य भी घायल हो गए. उन्होंने बताया कि मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है और शवों को बाबू जगजीवन राम अस्पताल भेज दिया गया है.
चारों घायलों की पहचान ज्योति (42), दिव्या (20), मोहित सोलंकी (34) और दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल करमबीर के रूप में हुई है. अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने कहा, “आग दो पेंट और रसायन गोदामों में लगी थी, जिसके परिणामस्वरूप 11 लोगों की मौत हो गई और 4 घायल हो गए.”
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे लगी और दो गोदामों के अलावा बाजार की करीब आठ दुकानों में फैल गई.





